
Israel Politics: राम (Ra’am) पार्टी के नेता मंसूर अब्बास ने बुधवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर आरोप लगाया कि वे अपने पद का इस्तेमाल अरब समुदाय के खिलाफ भड़काने के लिए कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के एक करीबी सहयोगी ने हाल ही में उनसे संपर्क किया था, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौजूदा सरकार को हटाने के लिए बनने वाले किसी संभावित गठबंधन पर उनकी पार्टी का क्या रुख है।
'द टाइम्स ऑफ इजरायल' के अनुसार, अब्बास ने सार्वजनिक प्रसारक 'कान' (Kan) को बताया कि नेतन्याहू के करीबी सहयोगी नतान एशेल ने हाल ही में प्रधानमंत्री की ओर से उन्हें एक संदेश भेजा था। अब्बास ने कहा कि, 'वे इस बात को लेकर उत्सुक थे कि एक ऐसे कानून पर हमारा क्या रुख है, जो आपराधिक मामलों का सामना कर रहे लोगों को प्रधानमंत्री बनने से रोकता है। साथ ही, वे यह भी जानना चाहते थे कि क्या हम नेतन्याहू की सरकार को हटाने के लिए बनने वाले किसी गठबंधन में शामिल होंगे।'
लिकुड पार्टी ने उस दावे का खंडन किया था कि नेतन्याहू ने कभी अब्बास से कहा था कि वे, नेतन्याहू और तत्कालीन हमास नेता याह्या सिनवार 'एक-दूसरे को समझते हैं।' इस पर अब्बास ने नेतन्याहू को पॉलीग्राफ (झूठ पकड़ने वाली मशीन) टेस्ट की चुनौती दे दी।
उन्होंने कान से कहा कि, 'मैं पॉलीग्राफ टेस्ट देने को तैयार हूं, नेतन्याहू भी दें, ताकि पता चले कौन सच बोल रहा है। उस कमरे में और लोग भी मौजूद थे।' अब्बास ने कहा कि, 'नेतन्याहू मेरे, राम पार्टी और पूरे अरब समाज के खिलाफ भड़काने और झूठे आरोप लगाने का अभियान जारी रखे हुए हैं। उन्होंने इस भाषण को खतरनाक बताया और कहा कि इससे उनकी और उनके परिवार की जान को खतरा है।
इससे पहले नेतन्याहू ने अरब पार्टियों के सदस्यों पर इजरायल की तबाही चाहने और आतंकवाद का समर्थन करने का आरोप लगाया था। X पर एक पोस्ट में लिकुड नेता ने राम और जॉइंट लिस्ट के साथ सरकार बनाने का विरोध करते हुए लिखा, 'शर्मनाक! आतंक का समर्थन करने वाली राम और जॉइंट लिस्ट के साथ खतरनाक सरकार बनाना मना है!'
आतंकवाद के खिलाफ रुख पर सफाई
आरोपों पर जवाब देते हुए अब्बास ने कहा कि वे आतंकवाद और राजनीतिक हिंसा के खिलाफ हमेशा सख्त रुख रखते आए हैं। उन्होंने कहा कि, 'मैंने आतंकी संगठनों, आतंकी घटनाओं, राजनीतिक हिंसा और लोगों की हत्या के खिलाफ बहुत ही सख्त राय रखी है।'
राम नेता ने यह भी बताया कि मंगलवार को नेसेट में राष्ट्रगान के दौरान वे अपनी जगह पर क्यों बैठे रहे, जबकि अन्य अरब सांसद बाहर चले गए थे। उन्होंने कहा, 'हमारा रुख राजनेता की तरह जिम्मेदारी दिखाने का है, भड़काऊ होने का नहीं।'