विदेश

Starlink Row: मैरी मिलबेन ने एलन मस्क को दी राहुल गांधी से दूरी की सलाह, बोलीं- वे बुरी संगत हैं, इससे लाइसेंस में देरी ही होगी

Mary Millben on Elon Musk: भारत में स्टारलिंक की लाइसेंसिंग प्रक्रिया को लेकर चल रहे विवाद के बीच अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने एलन मस्क को सलाह दी है। मिलबेन ने कहा कि राहुल गांधी से नजदीकी बढ़ाने से लाइसेंस जल्दी नहीं मिलेगा, बल्कि देरी ही होगी।
3 min read
• •
Oct 09, 2026
Starlink India row
अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन और एलन मस्क (फोटो- ANI)

Starlink India Row: भारत में स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट लाइसेंस को लेकर स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच बात पर मशहूर अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन की प्रतिक्रिया आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुखर समर्थक मिलबेन ने एलन मस्क को सलाह देते हुए कहा है कि राहुल गांधी की संगत में आने से उन्हें भारत में स्टारलिंक का लाइसेंस जल्दी नहीं मिलेगा, बल्कि इसमें और देरी होगी।

राहुल गांधी के करीब जाने से लाइसेंस में देरी ही होगी- मैरी मिलबेन

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एलन मस्क को सीधे टैग करते हुए मैरी मिलबेन ने लिखा, "एलन मस्क, मैं आपका बहुत सम्मान करती हूं, इसलिए मैं यह कहना चाहती हूं कि राहुल गांधी जैसे लोगों के करीब आने से स्टारलिंक लाइसेंस जल्दी नहीं मिलेगा, बल्कि इससे और ज्यादा देरी होगी।"

मैरी मिलबेन ने राहुल गांधी को बुरी संगत बताया

अपने पोस्ट में मैरी मिलबेन ने कहा कि आज दुनिया भर की कंपनियाँ भारत में सफलतापूर्वक कारोबार कर रही हैं। किसी देश में कोई भी विदेशी साझेदारी मेजबान देश और उसके नेतृत्व के प्रति सम्मान से शुरू होती है। लेकिन राहुल गांधी न तो अपने देश का सम्मान करते हैं और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का। इतना ही नहीं मैरी मिलबेन ने राहुल गांधी को बुरी संगत तक बताया।

राहुल गांधी के 'दूसरे शख्स का इंतजार कीजिए' वाले पोस्ट पर पलटवार करते हुए गायिका मैरी मिलबेन ने कहा कि जहां तक रही बात 'दूसरे शख्स' की, तो वह आज दुनिया के सबसे महान और सबसे शक्तिशाली नेताओं में से एक हैं और लंबे समय तक भारत का नेतृत्व करेंगे।

पीएम मोदी पर ध्यान केंद्रित करने की दी सलाह

मिलबेन ने मस्क को सलाह दी कि अगर वह सच में भारत में लाइसेंस हासिल करना चाहते हैं, तो उन्हें अपना तरीका बदलना होगा। उन्होंने लिखा, "क्या आप लाइसेंस चाहते हैं? मेरा सुझाव है कि आप अपने सार्वजनिक संदेशों को राहुल गांधी जैसे महत्वाकांक्षी लोगों के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ध्यान में लाएं।" अपनी पोस्ट के अंत में, मिलबेन ने एलन मस्क को उनके पुरस्कार और अमेरिका में उनके योगदान के लिए बधाई भी दी।

क्या है विवाद?

गौरतलब है कि एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक लाइसेंस मिलने में हो रही देरी को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि कंपनी के पास 165 से ज्यादा देशों में लाइसेंस हैं और उसने भारत की कानूनी और रेगुलेटरी जरूरतों को पूरा किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने पूछा कि क्या मुकेश अंबानी देश के असली बॉस हैं।

मस्क की पोस्ट का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने लिखा, "एलन, भारत में आपका स्वागत है, तब तक इंतजार कीजिए जब तक आप दूसरे वाले को नहीं जान लेते।" राहुल के जवाब में मस्क ने कहा, "थैंक यू राहुल, यह स्थिति वाकई चिंताजनक है।" इस बातचीत के बाद मैरी मिल्बेन ने मस्क को राहुल से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

भारत सरकार ने एलन मस्क के आरोपों को बेबुनियाद बताया है

भारत के संचार मंत्रालय ने मस्क के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि देश का सैटेलाइट कम्युनिकेशन रेगुलेटरी फ्रेमवर्क निष्पक्ष और भेदभाव रहित है। सरकार के अनुसार, तीन ग्लोबल मोबाइल पर्सनल कम्युनिकेशन बाय सैटेलाइट (GMPCS) सर्विस प्रोवाइडर्स को पहले ही लाइसेंस दिए जा चुके हैं और सभी लाइसेंस धारकों के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य है। तीनों कंपनियों के लिए सुरक्षा मंज़ूरी की प्रक्रिया अभी चल रही है।

मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा मंज़ूरी मिलने के बाद, संबंधित लाइसेंस प्राप्त कंपनी स्पेक्ट्रम आवंटन प्रक्रिया के अगले चरणों में आगे बढ़ सकती है। स्टारलिंक के साथ भेदभाव के आरोपों को खारिज करते हुए सरकार ने उन्हें बेबुनियाद और गलतफहमी पर आधारित बताया।

Updated on:
09 Oct 2026 10:51 am
Published on:
09 Oct 2026 10:51 am