विदेश

शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए बांग्लादेश की रिक्वेस्ट पर रणधीर जायसवाल का बयान – ‘जांच की जा रही है’

Sheikh Hasina Extradition: बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना के प्रत्यर्पण की रिक्वेस्ट पर रणधीर जायसवाल ने बयान जारी किया है। क्या कहा जायसवाल ने? आइए नज़र डालते हैं।
2 min read
Aug 19, 2026
Randhir Jaiswal
रणधीर जायसवाल (Photo - @MEAIndia)

बांग्लादेश (Bangladesh) की पूर्व पीएम शेख हसीना (Sheikh Hasina) 2 साल से भारत (India) की शरण में रह रही हैं। देश में बढ़ती राजनीतिक अस्थिरता के चलते पूर्व बांग्लादेशी पीएम अपनी बहन शेख रेहाना (Sheikh Rehana) के साथ बांग्लादेश छोड़कर 5 अगस्त 2024 को भारत आई थीं। हालांकि कुछ समय बाद से ही बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग शुरू कर दी थी, लेकिन अभी तक उनका प्रत्यर्पण नहीं किया गया है। कुछ समय पहले ही बांग्लादेश सरकार ने फिर शेख हसीना के प्रत्यर्पण की रिक्वेस्ट की। इस विषय में भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (Randhir Jaiswal) ने बयान जारी किया है।

''जांच की जा रही है''

मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान सवालों के जवाब देते हुए जायसवाल ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण की रिक्वेस्ट पर कहा, "हमारी तय प्रक्रियाओं के तहत जांच की जा रही है। मैं यह कहना चाहूंगा कि भारत आपसी हितों और बराबरी के आधार पर बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी संबंध चाहता है। प्रत्यर्पण के मुद्दे पर हमारी स्थिति हमेशा से यही रही है और आप इससे अच्छी तरह वाकिफ हैं कि इन रिक्वेस्ट्स की जांच हमारी तय प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है।"

शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत सरकार की नहीं थी भूमिका

कुछ समय पहले शेख हसीना ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसका बांग्लादेश सरकार ने विरोध भी किया था। भारत सरकार ने पहले ही साफ कर दिया था कि शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। जयसवाल ने भी बताया कि यह कार्यक्रम एक प्राइवेट मीडिया ऑर्गनाइज़ेशन ने आयोजित किया था और इसे भारत सरकार का समर्थन नहीं था। जायसवाल ने कहा कि प्राइवेट मीडिया कंपनी द्वारा आयोजित फोरम में जो भी विचार रखे गए, भारत सरकार उनका समर्थन नहीं करती है।

रहमान की भारत यात्रा पर भी दिया बयान

बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान (Tarique Rahman) के आगामी भारत दौरे के विषय में भी जायसवाल से सवाल पूछा गया कि क्या बांग्लादेश सरकार ने भारत सरकार के सामने शर्तें रखी हैं। इसका जवाब देते हुए जायसवाल ने कहा, "इस मामले पर जब मेरे पास कोई अपडेट होगा, तो मैं निश्चित रूप से इसे आपके साथ शेयर करूंगा। हमने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को भारत आने का सौहार्दपूर्ण निमंत्रण दिया है।" आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों देशों के अधिकारी कई हफ्तों से दिल्ली में पीएम रहमान की संभावित द्विपक्षीय यात्रा के बारे में बातचीत कर रहे हैं।

Updated on:
19 Aug 2026 01:21 am
Published on:
19 Aug 2026 01:15 am