विदेश

बच्चों की सुरक्षा में मेटा नाकाम, 53 अरब रुपए का जुर्माना, जज बोले- यह कारखाने के प्रदूषण जैसा

Fine on Meta: न्यू मैक्सिको कोर्ट ने मेटा पर बच्चों की सुरक्षा में नाकामी पर 567 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया, जज ने इसे 'फैक्ट्री प्रदूषण' जैसा बताया। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Aug 08, 2026
Meta
मेटा (File Photo)

Meta and child safety: बच्चों को अपने प्लैटफॉर्म्स से होने वाले खतरों के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं देने के मामले में मेटा पर अमरीका में बड़ी कार्रवाई हुई है। न्यू मैक्सिको के एक जज ने कंपनी को 567 मिलियन डॉलर (करीब 53 अरब रुपए) का अतिरिक्त जुर्माना भरने का आदेश दिया है। जज ब्रायन बिडशेड ने मेटा की तुलना एक कारखाने से करते हुए कहा कि मेटा का विज्ञापन और कंटेंट उसका उत्पाद है, जबकि बच्चों को होने वाला मानसिक नुकसान और उनका यौन शोषण वह प्रदूषण है जिसे कम करना जरूरी है।

उनका कहना था कि जिस तरह कारखाने का प्रदूषण लोगों के साफ हवा में रहने के अधिकार को प्रभावित करता है, उसी तरह सोशल मीडिया से होने वाला नुकसान केवल ऑनलाइन मंचों तक सीमित नहीं रहता। जज ने कहा कि मेटा से होने वाला नुकसान इतना व्यापक है कि इसे ‘सार्वजनिक परेशानी’ माना जा सकता है।

फैसले के खिलाफ अपील करेगा मेटा

मेटा के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी इसके खिलाफ अपील करेगी। वह अपने मंचों पर लोगों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार काम कर रही है और हानिकारक सामग्री तथा गलत इरादे वाले लोगों की पहचान कर उन्हें हटाने की चुनौतियों के बारे में पारदर्शी रही है।
रकम का इस्तेमाल बच्चों के लिए होगा

मेटा पर लगे 567 मिलियन डॉलर में से करीब 420 मिलियन बच्चों पर पहले ही पड़ चुके नुकसान के इलाज में खर्च किए जाएंगे। इसके तहत मानसिक और व्यवहार संबंधी स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा विशेषज्ञों की सेवाओं के लिए धन उपलब्ध कराया जाएगा। यह मामला 2023 में न्यू मैक्सिको के राज्य अधिकारियों ने दायर किया था। आरोप था कि फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे मंच बच्चों को यौन सामग्री और यौन शोषण करने वाले लोगों के संपर्क में आने के खतरे से पर्याप्त रूप से नहीं बचा पाए।

मेटा को ये निर्देश

  • 18 साल से कम उम्र के किसी यूजर के खाते की सिफारिश किसी वयस्क को नहीं की जा सकेगी।
  • कोई वयस्क नाबालिग यूजर को मेसेज नहीं भेज सकेगा।
  • नाबालिग यूजर अश्लील कंटेंट न भेज सकेंगे न प्राप्त कर सकेंगे।
  • 18 साल से कम उम्र के उपयोगकर्ताओं के लिए ‘लाइक’ की संख्या नहीं दिखाई जाएगी।
Updated on:
08 Aug 2026 08:23 am
Published on:
08 Aug 2026 08:23 am