विदेश

मिसिसिपी के हॉर्न आइलैंड के पास विमान समुद्र में क्रैश, दो बच्चों समेत 6 लोग लापता होने की आशंका

Horn Island Plane Crash: मिसिसिपी के हॉर्न आइलैंड के पास सेसना विमान समुद्र में गिरा। दो बच्चों समेत 6 लोग लापता होने की आशंका, कोस्ट गार्ड को मलबा मिला। जानिए अब तक की पूरी जानकारी।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 10:05 AM IST
Mississippi plane crash
Mississippi Plane Crash : न्यू ऑर्लियन्स से फ्लोरिडा जा रहा था विमान, रडार से गायब होने के कुछ देर बाद मिसिसिपी के पास हुआ क्रैश (फोटो सोर्स: ANI)

Mississippi Plane Crash: अमेरिका के मिसिसिपी में हॉर्न आइलैंड के पास एक छोटा विमान समुद्र में क्रैश हो गया। विमान में सवार छह लोगों के लापता होने की आशंका है, जिनमें दो बच्चे भी बताए जा रहे हैं। अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

कोस्ट गार्ड ने शुरू की तलाश

कोस्ट गार्ड हार्टलैंड ने X पर बताया कि मंगलवार को मोबाइल स्थित कोस्ट गार्ड की निगरानी टीम को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) से हादसे की सूचना मिली। इसके बाद रेस्क्यू टीमें हॉर्न आइलैंड से करीब दो मील उत्तर-पूर्व में सेसना सेंचुरियन 210 विमान की तलाश में जुट गईं।

FAA के प्रवक्ता ने फॉक्स न्यूज डिजिटल को बताया कि विमान मिसिसिपी के पास्कागुला से दक्षिण-पश्चिम में स्थानीय समय के मुताबिक करीब 3:30 बजे गिरा। प्रवक्ता ने कहा कि विमान में सवार लोगों की संख्या फिलहाल पता नहीं है। FAA और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) मामले की जांच करेंगे, जिसकी अगुवाई NTSB करेगा।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में क्या कहा गया

ANI न्यूज के हवाले से स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में चार वयस्क और आठ से 12 साल की उम्र के दो बच्चे सवार थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि क्रैश से पहले विमान करीब 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आ रहा था।

विमान न्यू ऑर्लियन्स के लेकफ्रंट एयरपोर्ट से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स में पेज फील्ड जा रहा था। स्थानीय समय के अनुसार करीब 3:45 बजे वह FAA के रडार से गायब हो गया।

मलबा मिला, यात्रियों का सुराग नहीं

WLOX की रिपोर्ट के अनुसार, कोस्ट गार्ड की टीमों को शाम करीब 5:40 बजे तक विमान का केबिन, एक लाइफ राफ्ट और तीन लाइफ जैकेट समेत मलबे के कई टुकड़े मिले। हालांकि उस वक्त तक किसी भी यात्री का पता नहीं चल सका था।

कई एजेंसियां जुटीं

NBC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, राहत अभियान में कोस्ट गार्ड के साथ मिसिसिपी डिपार्टमेंट ऑफ मरीन रिसोर्सेज और जैक्सन काउंटी शेरिफ ऑफिस भी मदद कर रहे हैं। तलाश का इलाका हॉर्न आइलैंड से करीब दो नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में है। यह खाड़ी तट के पास बना एक बैरियर आइलैंड है, जिसे वाइल्डरनेस एरिया घोषित किया गया है और जहां सिर्फ निजी नाव से पहुंचा जा सकता है।

NTSB ने कहा है कि उसे हादसे की जानकारी है और वह ब्योरा जुटा रहा है। एजेंसी FAA के साथ मिलकर जांच करेगी कि क्रैश किन परिस्थितियों में हुआ।

Updated on:
25 Nov 2026, 10:05 AM IST
Published on: