विदेश

नेपाल में बाढ़ का खतरा, बुढी गंडकी नदी को लेकर अलर्ट जारी, लोगों से ऊंचाई पर जाने की अपील

Nepal Flood Alert: नेपाल में बुढी गंडकी नदी में बड़ी बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। आपदा प्राधिकरण ने लोगों को त्रिशूली दोभान तक नदी से दूर रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
2 min read
• •
Oct 11, 2026
Budhi Gandaki River
नेपाल में बड़ी बाढ़ का खतरा, बुढी गंडकी नदी को लेकर अलर्ट जारी

Nepal Flood Alert: नेपाल में बाढ़ के खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने अलर्ट जारी किया है। प्राधिकरण के मुताबिक, बुढी गंडकी नदी में बड़ी बाढ़ आने की आशंका है। लोगों को बाढ़ गुजरने तक त्रिशूली दोभान तक नदी के पास नहीं जाने और सुरक्षित रहने के लिए ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

गोरखा जिले से मंडराया बड़ा खतरा

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, गोरखा जिले की चुमानुब्री ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 6 के रास्ते नदी में पानी का एक बड़ा सैलाब प्रवेश कर सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से हिदायत दी है कि जब तक यह बाढ़ का पानी पूरी तरह से निकल नहीं जाता, तब तक 'त्रिशूली दोभान' तक के पूरे तटीय क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति नदी के पास न जाए।

बिना चेतावनी आ सकता है पानी का तेज उफान

पहाड़ी नदियों की प्रकृति बेहद अप्रत्याशित होती है। ऊपरी इलाकों में मुसलाधार बारिश, अचानक भूस्खलन होने या किसी जगह पानी के रुकने से नदी का जलस्तर चंद मिनटों में कई फीट ऊपर उठ जाता है। हालांकि, प्राधिकरण ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि बाढ़ का मुख्य कारण क्या है और पानी किस सटीक समय तक निचले इलाकों को प्रभावित करेगा। इसी अनिश्चितता के कारण खतरा और भी अधिक बढ़ जाता है।

प्रशासन ने की अपील, रील्स और वीडियो बनाने नदी पर न जाएं

सोशल मीडिया के जरिए अलर्ट जारी करते हुए अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी हाल में नदी पार करने या तटबंधों के पास बाढ़ देखने की भूल न करें। अक्सर लोग पानी का बहाव देखने या वीडियो बनाने पहुंच जाते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है।

सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह

तटीय और निचले इलाकों में बसे सभी परिवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी सामान के साथ तुरंत ऊंचे और सुरक्षित इलाकों की ओर चले जाएं। इसके साथ ही, स्थानीय प्रशासन और आधिकारिक माध्यमों से जारी होने वाली हर सूचना पर पैनी नजर रखने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सकें।

Updated on:
11 Oct 2026 09:17 am
Published on:
11 Oct 2026 08:16 am