विदेश

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज भारत पहुंचेंगे, कल पीएम मोदी से होगी बातचीत, सीमा विवाद पर क्या बनेगी बात ?

नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह दो दिन के दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। 23 नवंबर को पीएम मोदी से बातचीत होगी। कालापानी-लिपुलेख विवाद पर सबकी नजर। पूरी खबर पढ़ें।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 10:38 AM IST
Nepal PM Balendra Shah India Visit
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो-IANS)

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिन के राजकीय दौरे पर भारत आ रहे हैं। वे 22 व 23 नवंबर को भारत में रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने का न्योता दिया है। खास बात यह है कि मार्च 2026 में पीएम बनने के बाद नेपाली पीएम बालेंद्र शाह का यह पहला भारत दौरा है। इसके साथ ही, यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है।

क्या है कार्यक्रम ?

भारतीय विदेश मंत्रालय ने नेपाल के प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर कहा कि दोनों देश अपने रिश्तों की समीक्षा करेंगे और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर बात करेंगे। MEA के अनुसार, पीएम बालेंद्र शाह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। 23 नवंबर को वे पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसमें भारत-नेपाल संबंधों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

दौरे के संबंध में नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि बालेन शाह रविवार को नेपाल एयरलाइंस के विमान से नई दिल्ली रवाना होंगे। उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और बालेन्द्र शाह के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकार व कई अधिकारी रहेंगे। नेपाली विदेश मंत्रालय ने कहा कि कुल 34 सदस्यों का सरकारी प्रतिनिधिमंडल भारत आ रहा है।

नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि दोनों प्रधानमंत्री प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इसके बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। उसी दिन पीएम मोदी मेहमान प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दोपहर का भोज भी देंगे।

किन मुद्दों पर होगी बात?

विदेश सचिव राय के अनुसार यात्रा के दौरान कनेक्टिविटी और ऊर्जा क्षेत्र की कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी। बातचीच में व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचा पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही, दोनों सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान भी करेंगी।

बिजनेस फोरम भी होगा

इस दौरे में नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का आयोजन भी होगा। इसका मकसद नेपाल में भारतीय निवेश को आकर्षित करना है। साथ ही दोनों देशों के कारोबारियों को मिलकर काम करने के मौके तलाशने का मंच मिलेगा।

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यात्रा दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय दौरों की परंपरा को आगे बढ़ाती है। यह भारत की "पड़ोसी पहले" नीति के तहत नेपाल को दी जाने वाली प्राथमिकता को भी दिखाती है।

क्या लिपुलेख और कालापानी सीमा विवाद का मुद्दा उठाएंगे बालेन शाह

प्रधानमंत्री बालेन शाह के सामने चुनौती है कि वो लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा का मुद्दा भारत के सामने उठाए या नहीं। काठमांडू में इस बात पर तीखी बहस है। नेपाल की राजनीति और भारत-नेपाल संबंधों के लिए बालेन शाह का दिल्ली दौरा बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण माना जा रहा है। काठमांडू के राजनीतिक गलियारों में कहा जा रहा है कि भारतीय निवेश को आकर्षित करने के लिए नेपाली पीएम इस मुद्दे से बच सकते हैं, लेकिन फिर उन्हें नेपाल में जवाब भी देना होगा। क्योंकि वह इस मुद्दे पर मुखर रहे हैं।

नेपाल में मांग की जा रही है कि बालेन शाह जब भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करें तो कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा जैसे संवेदनशील सीमा विवादों को उठाएं। विपक्ष का कहना है कि बालेन शाह भारत से ज्यादा से ज्यादा परियोजनाएं और आर्थिक सहायता चाहते हैं। वो 4 खरब नेपाली रुपये तक की आर्थिक मदद चाहते हैं और इसलिए वो सीमा विवाद के मुद्दे से पलट रहे हैं।

Updated on:
22 Nov 2026, 10:38 AM IST
Published on: