
Netanyahu UNGA Walkout: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को जब 81वीं UN जनरल असेंबली (UNGA) में अपना भाषण शुरू किया, तो कई देशों के प्रतिनिधि हॉल से बाहर चले गए। इस पर तंज कसते हुए नेतन्याहू ने कहा, "शुरू करने से पहले, बस एक छोटी सी घोषणा, अगर कोई और नैतिक रूप से कायर व्यक्ति है जो अभी तक इस हॉल से बाहर नहीं गया है, तो कृपया अभी चले जाएं। बहुत-बहुत धन्यवाद।"
नेतन्याहू ने बढ़ते यहूदी-विरोध (anti-Semitism) पर बात करते हुए दुनिया भर के यहूदियों से आत्मविश्वास बनाए रखने और खतरों के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "वे दिन जब यहूदी असहाय पीड़ित थे और उन्हें कत्ल के लिए ले जाया जाता था, वे दिन बीत चुके हैं। आज हमारे पास एक देश है, एक सेना है और ऐसे लोग हैं जो अपनी रक्षा करने को तैयार हैं।" उन्होंने सच्चाई और न्याय समर्थकों से भी इजराइल का साथ देने की अपील की।
नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी की कड़ी आलोचना करते हुए दावा किया कि उनके चुने जाने के बाद से शहर के यहूदी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममदानी हमास समर्थकों की तारीफ करते हैं और हसन पाइकर जैसे लोगों को दोस्त मानते हैं, जिन्होंने कहा था कि अमेरिका 9/11 का हकदार था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ममदानी ने अपने घर पर एक ऐसे फिलिस्तीनी पत्रकार को बुलाया, जिसने बंधकों की पिटाई का वीडियो जानबूझकर पब्लिश नहीं किया।
नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि ममदानी की पत्नी ने 7 अक्टूबर के नरसंहार की तारीफ करने वाली और तेल अवीव के अस्तित्व को नकारने वाली पोस्ट्स को लाइक किया। उन्होंने कहा, "इजराइल ने नरसंहार नहीं किया, इजराइल ने नरसंहार को रोका।" उन्होंने यह भी दावा किया कि ममदानी ने उन्हें UNGA में बोलने से रोकने की कोशिश की थी।
इससे पहले न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी ने नेतन्याहू को "नरसंहार का सूत्रधार" कहा था और उनकी गिरफ्तारी तक की मांग की थी, हालांकि बाद में उन्होंने इस बयान से किनारा कर लिया था।