विदेश

UNGA के बीच न्यूयॉर्क में मच गई खलबली! संदिग्ध पैकेज ने रोकी सड़कें, सीक्रेट सर्विस बोली- खतरा टला

UNGA सत्र के दौरान न्यूयॉर्क की 43वीं स्ट्रीट पर संदिग्ध पैकेज मिलने से हड़कंप मचा, सड़कें बंद कीं गईं। जानें सीक्रेट सर्विस और NYPD का पूरा बयान।
2 min read
Sep 23, 2026
suspicious package
न्यूयॉर्क की 43वीं स्ट्रीट पर संदिग्ध पैकेज मिलने से हड़कंप, photo source@ANI

UNGA New York Suspicious Package: में इस समय संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) का सत्र चल रहा है। इसी बीच मंगलवार (स्थानीय समय) को शहर की 43वीं स्ट्रीट और थर्ड एवेन्यू के पास एक संदिग्ध पैकेज मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में इसे हटा दिया गया और खतरनाक नहीं माना गया। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने साफ किया कि इससे जनता को कोई खतरा नहीं था।

पुलिस ने किया इलाका सील, फिर दी राहत

न्यूयॉर्क सिटी पुलिस डिपार्टमेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि पैकेज को हटा दिया गया है और इसे संदिग्ध नहीं पाया गया, हालांकि 3rd एवेन्यू और लेक्सिंगटन एवेन्यू के बीच 43वीं स्ट्रीट अभी भी बंद है। इससे पहले पुलिस ने चेतावनी दी थी कि 2nd एवेन्यू और लेक्सिंगटन एवेन्यू के बीच 42वीं से 44वीं स्ट्रीट तक का इलाका बंद है और लोगों को वहां जाने से बचने को कहा गया था।

सीक्रेट सर्विस का बयान,कोई खतरा नहीं

सीक्रेट सर्विस के एक प्रवक्ता ने बताया कि 22 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे सीक्रेट सर्विस और उसके सुरक्षा सहयोगियों ने एहतियात के तौर पर संदिग्ध चीज की जांच के दौरान इलाके को बंद किया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चीज से जनता को कोई खतरा नहीं था और जांच पूरी होते ही इलाके को दोबारा खोल दिया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया माहौल तनावपूर्ण

पास की एक बिल्डिंग में काम करने वाले एक न्यूयॉर्क निवासी ने बताया कि सुबह से इलाके में धीरे-धीरे सब कुछ बंद किया जा रहा था और कई मोटरकेड नजर आ रहे थे, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा। एक अन्य निवासी ने बताया कि बम की धमकी के बाद 42वीं स्ट्रीट के उत्तर में थर्ड एवेन्यू को कुछ घंटों के लिए घेराबंदी कर बंद कर दिया गया था और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। उन्होंने कहा कि UN महासभा के दौरान ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं क्योंकि यह न्यूयॉर्क के लिए बेहद व्यस्त समय होता है।

UNGA का 81वां सत्र जारी

गौरतलब है कि न्यूयॉर्क में UN महासभा का 81वां सत्र चल रहा है, जिसमें 22 से 26 सितंबर और 28 सितंबर को उच्च-स्तरीय आम बहस होनी है। इस सत्र का विषय है "भरोसा बहाल करना, बदलाव को संभालना: एक ऐसा संयुक्त राष्ट्र जो सभी के लिए काम करे।" इसके साथ ही जलवायु कार्रवाई, विकास, समुद्र के जलस्तर में वृद्धि और महामारी की तैयारी पर भी अहम बैठकें हो रही हैं।

Updated on:
23 Sept 2026 04:42 am
Published on:
23 Sept 2026 04:40 am