विदेश

‘गोली चलाई तो करेंगे तुरंत और बेरहम हमला’, सीमा पर लैंडमाइन ब्लास्ट को लेकर भड़की किम जोंग उन की बहन

DMZ Blast: DMZ में हाल ही में हुए लैंडमाइन धमाके का आरोप उत्तर कोरिया पर लगाने के बाद वह भड़क गया है। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन की बहन किम यो-जोंग ने दक्षिण कोरिया के दावों को पूरी तरह से मनगढ़ंत बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनके सैनिकों पर गोलीबारी की गई, तो उत्तर कोरिया तुरंत और बेरहम जवाबी कार्रवाई करेगा।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
kim jong un news
उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन (Photo Credit - IANS)

North Korea Warning: उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच चेतावनी भरी बयानबाजी तेज हो गई है। हाल ही में दोनो देशों की सीमा पर हुए धमाके के बाद दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया पर बारूदी सुरंग बिछाने और उनमें विस्फोट होने के संभावित आरोप लगाए थे। इसके बाद उत्तर कोरिया का इस पर जवाब आया है और उसने लगाए गए संभावित आरोपों को मनगढ़ंत कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर दक्षिण कोरिया की ओर से सैनिकों पर कोई भी गोलीबारी हुई तो उसके जवाब में तत्काल और बेरहम कार्रवाई की जाएगी।

किम जोंग-उन की बहन ने दी जानकारी

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन (Kim Jong-un) की बहन किम यो-जोंग (Kim Yo-jong) ने दक्षिण कोरियाई जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ (JCS) के सोमवार को दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 21 सितंबर को डिमिलिट्राइज्ड जोन (DMZ) में हुए विस्फोट के पीछे उत्तर कोरिया का हाथ नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर कोरियाई सेना ने दो साल पहले दक्षिणी सीमावर्ती क्षेत्रों में बाड़ बनाना शुरू किया था। उनका कहना है कि यह काम किसी भी सैन्य उद्देश्य से रहित सिर्फ उत्तर कोरिया की संप्रभुता की रक्षा के लिए था।

21 सितंबर को दक्षिण कोरियाई सेना की एक टीम दोनों कोरिया को अलग करने वाले 4 किलोमीटर चौड़े DMZ बॉर्डर एरिया के पश्चिमी हिस्से में एक रेकी ऑपरेशन चला रही थी, तभी एक लैंडमाइन धमाके में भारी हथियारों से लैस तीन सैनिक घायल हो गए थे।

गोलीबारी हुई तो होगी बेरहम कार्रवाई

कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) के मुताबिक, किम यो-जोंग ने कहा कि उत्तर कोरियाई सैनिकों ने कभी भी सीमा पार नहीं की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दक्षिण कोरिया के सैनिक सीमा पर उनके सैनिकों पर सीधी गोलीबारी करते हैं तो हमारी सैना तत्काल और बेरहम जवाबी हमला करेगी। साथ ही उन्होंने दक्षिण कोरियाई द्वारा उनके सैनिकों को धमकाने के आरोप भी लगाए है।

सीमा के पास मिली उत्तर कोरिया की बारूदी सुरंग

मंगलवार को मौके का निरीक्षण करने के बाद JCS ने कहा कि उसे विस्फोट स्थल के पास उत्तर कोरियाई लैंडमाइन मिली है। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री कांग शिन-चुल (Kang Shin-chul) ने अपने सांसदों को बताया कि मंगलवार को मिली बारूदी सुरंग को हो सकता है जानबूझकर बिछाया गया हो। कांग ने कहा कि उत्तर कोरिया ने सैन्य सीमा रेखा (MDL) के दक्षिण में कई स्थानों पर बारूदी सुरंगें बिछाई हैं। उन्होंने इसे 1950-53 के कोरियाई युद्ध को समाप्त करने वाले युद्धविराम समझौते का स्पष्ट उल्लंघन बताया है और वे जल्द ही उचित कदम उठाएंगे।

Updated on:
30 Sept 2026 07:41 pm
Published on:
30 Sept 2026 07:41 pm