विदेश

Nvidia की बढ़ीं मुश्किलें, चीन को AI चिप्स भेजने के आरोपों पर अमेरिका सख्त, बोर्ड को 10 दिन का अल्टीमेटम

Scott Bessent: Nvidia पर चीन को AI चिप्स भेजने के आरोप लगे हैं। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कंपनी के बोर्ड से 10 दिन में जवाब मांगा और नेतृत्व में बड़े बदलाव की सलाह दी है।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 9:54 AM IST
Nvidia founder and CEO Jensen Huang
एनवीडिया के संस्थापक व CEO जेन्सेन हुआंग (फोटो -विकीपिडिया)

Scott Bessent: दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कंपनी के कामकाज और नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने Nvidia के बोर्ड से चीन को एडवांस AI चिप्स भेजे जाने के आरोपों पर 10 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही उन्होंने कंपनी में बड़े बदलाव की जरूरत बताते हुए नए CEO की तलाश कंपनी के बाहर करने की सलाह दी है। इस मामले में अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है।

बेसेंट ने बोर्ड को दी बाहरी नेतृत्व की सलाह

फॉक्स न्यूज के एक कार्यक्रम में बातचीत करते हुए अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने साफ शब्दों में कहा कि Nvidia के बोर्ड को अब कंपनी के अंदर से नहीं, बल्कि बाहर से किसी नए और मजबूत चेहरे को नया नेतृत्व सौंपना चाहिए। वित्त मंत्री ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि क्या Nvidia ने जानबूझकर उन चेतावनियों को नजरअंदाज किया, जिनमें यह बात सामने आ रही थी कि सिंगापुर समेत कई कंपनियों के जरिए अमेरिकी चिप्स चुपचाप चीन को बेचे जा रहे थे। उन्होंने कहा कि कंपनी का पुराना वर्के कल्चर ऐसा रहा है, जहां सिर्फ मुनाफा कमाने के लिए नियमों की अनदेखी की गई। यही वजह है कि अब सरकार इस मामले में सिर्फ व्यक्तिगत चेहरों पर नहीं, बल्कि पूरी कानूनी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्था पर कड़ा रुख अपना रही है।

वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक पर भी उठे सवाल

इस पूरे विवाद के बीच अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्कॉट बेसेंट ने कहा कि वह लंबे समय से 'मेगास्पीड इंटरनेशनल' कंपनी को व्यापार प्रतिबंध सूची में डालने के पक्ष में थे। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि इस मामले में कड़े कदम उठाने की जिम्मेदारी वाणिज्य विभाग की थी, लेकिन सही समय पर अपेक्षित फैसला नहीं लिया गया। वहीं दूसरी तरफ डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों पार्टियों के सांसद भी इस मामले में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि प्रशासन के स्तर पर कुछ ऐसी कमियां रही जिनके कारण चीन तक एडवांस चिप्स आसानी से पहुंचते रहे। इसे अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा माना जा रहा है।

नए कानून की जरूरत नहीं, पुराने नियमों को सख्ती से लागू करने पर जोर

जहां एक तरफ अमेरिकी सांसद चीन को तकनीक सप्लाई रोकने के लिए नए और सख्त कानूनों पर विचार कर रहे हैं, वहीं वित्त मंत्री बेसेंट का मानना है कि इसके लिए किसी नए कानून की कोई जरूरत ही नहीं है। उनका साफ कहना है कि अमेरिका के पास पहले से ही पर्याप्त और मजबूत नियम मौजूद हैं, जरूरत सिर्फ उन्हें पूरी सख्ती और ईमानदारी के साथ जमीन पर लागू करने की है। फिलहाल अगले 10 दिनों में Nvidia के बोर्ड और उनके बाहरी कानूनी सलाहकारों को इस पूरे मामले पर अमेरिकी प्रशासन के सामने जवाब देना है।

Updated on:
16 Nov 2026, 9:54 AM IST
Published on: