OpenAI ने अमेरिकी ‘Department of War’ के साथ क्लासिफाइड नेटवर्क में अपने AI मॉडल तैनात करने का समझौता किया है। CEO सैम ऑल्टमैन ने सुरक्षा सिद्धांतों, mass surveillance पर रोक और autonomous weapons में human responsibility को समझौते का हिस्सा बताया। Anthropic के साथ चल रहे विवाद के बीच यह सौदा चर्चा में है।
OpenAI defense Contract: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की अग्रणी कंपनी OpenAI ने अमेरिकी ‘डिपार्टमेंट ऑफ वार’ (पूर्व में Department of Defense) के क्लासिफाइड नेटवर्क में अपने एआई मॉडल तैनात करने को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। कंपनी के सीईओ Sam Altman ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस साझेदारी की घोषणा की। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पेंटागन और एआई स्टार्टअप Anthropic के बीच एआई उपयोग की सीमाओं को लेकर मतभेद उभरे हैं।
समझौते का विवरण साझा करते हुए ऑल्टमैन ने बताया कि OpenAI विशेष तकनीकी सुरक्षा उपाय (Safety Guardrails) विकसित करेगा, ताकि क्लासिफाइड नेटवर्क पर तैनात एआई मॉडल अपेक्षित मानकों और निर्धारित दायरे में कार्य करें। उन्होंने कहा, “एआई सुरक्षा और इसके लाभों का व्यापक वितरण हमारे मिशन के मूल में है। हमारे दो प्रमुख सिद्धांत हैं—घरेलू स्तर पर सामूहिक निगरानी (Mass Surveillance) पर प्रतिबंध और बल प्रयोग के लिए मानवीय जिम्मेदारी, जिसमें स्वायत्त हथियार प्रणालियाँ भी शामिल हैं। ‘डिपार्टमेंट ऑफ वार’ इन सिद्धांतों से सहमत है और हमने इन्हें अपने समझौते में शामिल किया है।”
सैम ऑल्टमैन ने ‘डिपार्टमेंट ऑफ वार’ से यह भी आग्रह किया कि वह अन्य एआई कंपनियों को भी समान शर्तों पर अवसर प्रदान करे। इस समझौते की औपचारिक पुष्टि अभी Donald Trump प्रशासन द्वारा की जानी बाकी है। ऑल्टमैन ने कहा कि वे चाहते हैं कि मामला कानूनी टकराव की बजाय “व्यावहारिक और समझदारीपूर्ण समझौतों” के जरिए आगे बढ़े।
Anthropic और ‘डिपार्टमेंट ऑफ वार’ के बीच विवाद की मुख्य वजह एआई उपयोग की सीमाएं रही हैं। Anthropic ने अपने एआई टूल्स को पूर्णतः स्वायत्त हथियार प्रणालियों और घरेलू सामूहिक निगरानी के लिए उपयोग की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इस रुख के बाद विभाग ने Anthropic को “सप्लाई चेन रिस्क” घोषित किया। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंपनी की आलोचना की थी और सरकारी विभाग को इसके तकनीकी इस्तेमाल बंद करने का आदेश दिया है। Anthropic ने संकेत दिया है कि वह इस फैसले को अदालत में चुनौती दे सकती है।