विदेश

पाकिस्तान में बाढ़ पीड़ितों को रेस्क्यू कर रही नाव पलटी, 5 लोगों की मौत

पाकिस्तान के पूर्वी हिस्से में बाढ़ पीड़ितो को रेस्क्यू कर रही एक नाव पलट गई, जिसके चलते उसमें सवार 5 लोगों की मौत हो गई है।

2 min read
Sep 07, 2025
पाकिस्तान में बाढ़ पीड़ितों को बचा रही नाव पलटी (फोटो -एएनआई)

भारत के साथ साथ पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी बाढ़ के हालात बने हुए है। देश के 25 जिलों के 4,100 से ज्यादा गांव इस बाढ़ की चपेट में आ चुके है और इसके चलते अब तक 900 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 1,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इसी बीच अब पाकिस्तान से बाढ़ में फंसे लोगों को रेसक्यू कर रही एक नाव के पलटने की खबर सामने आई है जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है। यह नाव देश के पूर्वी हिस्से में बाढ़ में फंसे लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रही थी और उसी दौरान यह पलट गई जिसके चलते एक 70 वर्षीय महिला समेत 4 बच्चों की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें

Viral Video: ब्रिटेन की नदी में गणेश विसर्जन का वीडियो वायरल, जानें वजह

नाव में सवार 10 लोगों को सुरक्षित बचाया

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के डायरेक्टर जनरल इरफान अली कथिया ने शनिवार देर रात मीडिया को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, पानी के नीचे मौजूद किसी चीज से टकराने के चलते रेस्क्यू 1122 नाव पलट गई और यह दुर्घटना हो गई। उन्होंने आगे कहा कि, इस दुर्घटना में नाव में सवार 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन दुर्भाग्य से 5 लोगों की मौत हो गई।

पाकिस्तान की 4.1 करोड़ आबादी बाढ़ से प्रभावित

लंबे समय से हो रही तेज बारिश के चलते पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मौजूद तीन प्रमुख नदियों में जलस्तर काफी बढ़ गया है और बाढ़ आ गई है। इस बाढ़ के चलते पंजाब प्रांत में अब तक 56 लोगों की जान जा चुकी है। पंजाब समेत देश के अन्य हिस्से भी बाढ़ से बूरी तरह प्रभावित हुए है। बाढ़ प्रभावित नदियों ने ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों को प्रभावित किया है, लेकिन भारी बारिश ने शहरी क्षेत्रों को भी जलमग्न कर दिया है, जिसमें देश के दूसरे सबसे बड़े शहर लाहौर के कई हिस्से भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, इस साल के मानसून ने पाकिस्तान की लगभग 4.1 करोड़ आबादी को प्रभावित किया है। बाढ़ और बारिश की ये स्थिति पाकिस्तान के लिए अब तक की सबसे भीषण आपदाओं में से एक मानी जा रही है।

Published on:
07 Sept 2025 05:28 pm
Also Read
View All

अगली खबर