
Pakistan Medicine Shortage: पाकिस्तान का आर्थिक संकट अब आम लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। विदेशी मुद्रा में भुगतान की मुश्किल, बैंकों की ओर से आयात के लिए लेटर ऑफ क्रेडिट (एलसी) जारी करने में कटौती और कच्चे माल की कमी से वहां दवा उद्योग संकट में है। दवा उत्पादन में 21.5 फीसदी तक गिरावट आई है। 100 से ज्यादा जीवनरक्षक दवाएं बाजार से गायब हैं। कैंसर, हृदय रोग और डायबिटीज के मरीजों को जरूरी दवाएं नहीं मिल रही हैं। नकली दवाओं का बाजार तेजी से अपनी पैठ बना रहा है।
पाकिस्तान ने जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान भारत से 61.7 मिलियन डॉलर का आयात किया। यह पिछले साल की समान अवधि से 69 फीसदी अधिक है। इसमें 96.2 फीसदी हिस्सा दवाओं और ऑर्गेनिक केमिकल्स का था।
पाकिस्तान अपनी दवा इंडस्ट्री के लिए जरूरी एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रेडिएंट्स (एपीआइ) का करीब 85 फीसदी आयात करता है। इसमें चीन प्रमुख आपूर्तिकर्ता है, जबकि भारत भी दवाओं और फार्मा उत्पादों का महत्वपूर्ण स्रोत है। विदेशी मुद्रा भुगतान और आयात में देरी से कंपनियों को कच्चा माल नहीं मिल पा रहा है।
पाकिस्तान फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने बताया कि बैंकों ने कच्चे माल के आयात के लिए करीब 50 फीसदी एलसी आवेदनों को ही मंजूरी दी। वहीं, 105 जरूरी दवाओं की कमी की हैं। कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल, बिजली और परिवहन की बढ़ती लागत के बावजूद दवाओं की कीमतें नहीं बढ़ने से उत्पादन घाटे का सौदा बन गया है।
पाकिस्तान में दवाओं का संकट अब मरीजों और दवा उद्योग, दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। जरूरी दवाएं नहीं मिलने से मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। वहीं, कच्चे माल की कमी और आर्थिक परेशानियों के चलते दवा कंपनियों का उत्पादन और निर्यात भी प्रभावित हो रहा है। इस स्थिति ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। अगर संकट लंबे समय तक बना रहता है, तो मरीजों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।