विदेश

US Iran War: डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के बाद ईरान पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री, ईरान का दावा- दुश्मन की हर कार्रवाई का जवाब देने को तैयार

Iran-US tensions: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी तेहरान पहुंच चुके हैं। वहीं, यह दौरा अमेरिकी राष्ट्रपति की रविवार को दी गई धमकी के बाद हुआ है। इसके बाद ईरानी सेना ने किसी भी नए अमेरिकी या इजरायली हमले का जवाब देने की तैयारी की बात कही है।
2 min read
Sep 21, 2026
mohsin naqvi
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी (इमेज सोर्स: Sohail Imran एक्स यूजर स्क्रीनशॉट)

Pakistan Minister Iran Visits: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं। वह ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, इस दौरे का मकसद दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों को बढ़ाना और चल रहे मामलों पर तालमेल बिठाना है। जब से पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता की कोशिशें शुरू की हैं, तब से नकवी कई बार तेहरान जा चुके हैं।

ट्रंप बोले- ईरान को लेकर कई विकल्प

नकवी का ईरान का दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान सामने आया था कि वे अब ईरान युद्ध को लेकर निर्णय लेने की स्थिति में हैं। उन्होंने ईरान पर आर्थिक दबाव, शांति समझौता और सैन्य कार्रवाई की बात कही। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह इस हफ्ते न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात के लिए तैयार हैं।

ट्रंप के बयान के बाद ईरान का पलटवार

ट्रंप के इस बयान के बाद इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की सेना के कमांडर मेजर-जनरल अमीर हातमी ने कहा है कि उनकी सेना अमेरिका या इजरायल के किसी भी नए हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, हातमी ने कहा कि ईरान अपनी आजादी, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने में जरा भी नहीं हिचकिचाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सेना ने पहले भी दुश्मन के हमले के समय देश की रक्षा की है।

विदेश मंत्रालय का आया जवाब

मोहसिन नकवी के ईरान पहुंचने से पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई का कहना है कि पाकिस्तान के साथ ईरान के अच्छे संबंध हैं। पड़ोसी देश होने के नाते, दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में संबंध बढ़े हैं। ईरान इन संबंधों को और बढ़ाना चाहता हैं, जिनकी शुरुआत दिवंगत राष्ट्रपति रईसी के कार्यकाल में हुई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के गृह मंत्री का दौरा द्विपक्षीय मुद्दों पर केंद्रित होगा। हालांकि, अमेरिका-ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से ही पाकिस्तान मध्यस्थ की बड़ी भूमिका में रहा है।

Updated on:
21 Sept 2026 06:09 pm
Published on:
21 Sept 2026 05:35 pm