विदेश

मोदी-ट्रंप समेत 4 देशों के नेता एक मंच पर, चीन की बढ़ सकती है टेंशन, आज फिलीपींस रवाना होंगे PM

Narendra Modi Philippines Visit: PM नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रवाना होंगे। मनीला में आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के दौरान व्यापार, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक सहयोग पर चर्चा होगी। वहीं, ट्रंप समेत चार देशों के नेताओं की क्वाड बैठक भी संभव है।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 8:41 AM IST
PM narendra Modi
पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो-ANI)

Narendra Modi Philippines Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला रवाना होंगे। यहां वह आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरे के दौरान व्यापार, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। वहीं, मनीला में सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की क्वाड बैठक भी संभावित है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती गतिविधियों के बीच इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

मनीला में क्वाड नेताओं की बैठक की तैयारी

मनीला में होने वाले सम्मेलनों के दौरान क्वाड देशों के नेताओं की बैठक आयोजित करने की तैयारी चल रही है। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हम अगले सप्ताह आसियान में क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन आयोजित करने की औपचारिक व्यवस्था करने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो पिछले दो वर्षों में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बैठकें कर चुके हैं। इनमें से तीन बैठकें पिछले छह महीनों में हुई हैं। चारों देशों के प्रतिनिधियों के बीच हर महीने नियमित बातचीत भी होती रही है।

चीन की गतिविधियों के बीच समुद्री सुरक्षा अहम

भारत के लिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। इस क्षेत्र में चीन की बढ़ती गतिविधियों को लेकर कई देशों ने चिंता जताई है। ऐसे में भारत और आसियान देशों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करना इस दौरे का अहम हिस्सा रहेगा। वर्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष घोषित किया गया है। इसके तहत समुद्री सुरक्षा, समुद्री संपर्क और ब्लू इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर काम किया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुंद्रेंद्र टंडन ने कहा, 'भारत में हम दृढ़ता से मानते हैं कि हिंद महासागर का एक देश होने के नाते, जो दक्षिण पूर्व एशिया के इस बेहद महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र से सटा हुआ है, आसियान के सदस्य देशों के साथ सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से मजबूत रणनीतिक संबंध हम दोनों के लिए अच्छे हैं। इससे हमारे आसपास हो रहे बेहद तेजी से बदलते भू-राजनीतिक घटनाक्रमों से निपटने की हमारी क्षमता मजबूत होगी और मुझे लगता है कि इससे पूरे एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने में भी योगदान मिलेगा।'

दक्षिण चीन सागर पर भी रहेगी नजर

मनीला में रविवार को 49वें आसियान शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने समुद्री सहयोग मजबूत करने की अपील की। उन्होंने दक्षिण चीन सागर के लिए प्रभावी आचार संहिता तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन (UNCLOS) के अनुरूप होनी चाहिए।

व्यापार और निवेश पर भी होगी चर्चा

भारत और आसियान के बीच आर्थिक सहयोग भी इस यात्रा का प्रमुख मुद्दा रहेगा। दोनों पक्ष व्यापार, निवेश, संपर्क और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके अलावा भारत कंबोडिया, लाओस, म्यांमार और तिमोर लेस्ते में विकास से जुड़े अंतर को कम करने के लिए क्षमता निर्माण में सहयोग कर रहा है।

मोदी का क्या रहेगा कार्यक्रम?

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस की ओर से आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे। मंगलवार को वह आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान दूसरे देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात भी संभव है। वहीं 2014 के बाद आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में यह मोदी की 13वीं भागीदारी होगी। वर्ष 2027 में भारत-आसियान संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होंगे। इससे दोनों पक्षों को अपने रिश्तों को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

Updated on:
16 Nov 2026, 8:41 AM IST
Published on: