विदेश

‘पीएम नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप हैं अच्छे दोस्त’, सर्जियो गोर ने की तारीफ, बताया अगले साल भारत आ सकते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति

भारत में अमेरिकी राजदूत ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अच्छा दोस्त बताते हुए बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की।
2 min read
Jun 27, 2026
PM Narendra Modi meets Donald Trump
पीएम नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)

भारत (India) में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) की नियुक्ति के बाद से दोनों देशों के बिगड़े संबंधों में काफी सुधार हुआ है। गोर को अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) का करीबी माना जाता है और ट्रंप ने दोनों देशों के संबंधों में फिर से मज़बूती लाने के लिए ही गोर को भारत में नियुक्त किया था। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की जमकर तारीफ की। गोर ने कहा कि पीएम मोदी की लीडरशिप स्टाइल बेहतरीन है।

पीएम मोदी और ट्रंप हैं अच्छे दोस्त

गोर ने कहा कि पीएम मोदी और ट्रंप अच्छे दोस्त हैं और दोनों के रिश्ते काफी मज़बूत हैं, जो भारत और अमेरिका के बीच मज़बूत संबंधों की नींव हैं। गोर ने कहा कि यह दोस्ती सालों पुरानी है और आगे भी बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी और ट्रंप दोनों ही रिज़ल्ट देने पर ध्यान देते हैं और काफी हद तक एक जैसा सोचते हैं।

नहीं हैं दोनों देशों के बीच तनाव

गोर ने दोनों देशों के रिश्तों में तनाव की बातों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच मज़बूत संबंध हैं और ये संबंध समय के साथ और मज़बूत होंगे। गोर ने यह भी कहा कि दोनों नेताओं के बीच लगातार बातचीत से रिश्तों को सकारात्मक दिशा में बनाए रखने में मदद मिली है।

फ्रांस में पीएम मोदी और ट्रंप की हुई शानदार मुलाकात

हाल ही में फ्रांस में पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात हुई, जिसके बारे में गोर ने कहा कि यह एक शानदार मुलाकात रही। गोर ने कहा कि वह दोनों की बातचीत के दौरान मौजूद थे जो एक घंटे से ज़्यादा चली, जिसमें व्यापार, रक्षा और अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई। गोर के अनुसार पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई मुलाकात काफी फायदेमंद रही।

भारत आने के लिए उत्सुक हैं ट्रंप

गोर ने यह भी बताया कि ट्रंप आज ​​भी भारत की अपनी पहली यात्रा के बारे में बात करते हैं और भारत की ऊर्जा और भारतीयों से प्रभावित हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति कई बार गोर को भारत की अपनी पहली यात्रा और इस दौरान देखी गई जीवंतता की याद दिलाते हैं और कहते हैं कि वो एक ऐसी चीज़ है जिसे वह कभी नहीं भूलेंगे। गोर ने भी कहा कि ट्रंप से मिलने के बाद उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति पीएम मोदी से निमंत्रण मिलने के बाद भारत आने के लिए उत्सुक हैं और 2027 में भारत आ सकते हैं।