विदेश

गाज़ा में ट्रंप के शांति प्लान का पीएम मोदी ने किया स्वागत, नेतन्याहू की भी की तारीफ

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाज़ा में शांति के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्लान का स्वागत किया है। साथ ही पीएम मोदी ने इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व की भी तारीफ की है।
less than 1 minute read
Oct 09, 2025
Israeli PM Benjamin Netanyahu, Indian PM Narendra Modi and US President Donald Trump
Israeli PM Benjamin Netanyahu, Indian PM Narendra Modi and US President Donald Trump

इज़रायल (Israel) और हमास (Hamas) के बीच चल रहे युद्ध को 2 साल पूरे हो गए हैं लेकिन अब जल्द ही गाज़ा (Gaza) में शांति की स्थापना हो सकती है। अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के गाज़ा में शांति के प्रस्ताव के पहले चरण पर इज़रायल और हमास, दोनों ने ही सहमति जता दी है। इसके तहत अगले 72 घंटे में हमास, इज़रायल के सभी 20 जीवित बंधकों को रहा करेगा, जिसके बदले में इज़रायल भी करीब 2,000 फिलिस्तीनी कैदियों को आज़ाद करेगा।

पीएम मोदी ने किया ट्रंप के शांति प्लान का स्वागत

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप के शांति प्लान का स्वागत किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "हम राष्ट्रपति ट्रंप के शांति प्लान के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई और गाज़ा के लोगों को मानवीय सहायता में वृद्धि से उन्हें राहत मिलेगी और स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा।"

नेतन्याहू की भी की तारीफ

पीएम मोदी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की भी तारीफ की। गाज़ा में शांति के प्लान के पहले चरण के समझौते को पीएम मोदी ने नेतन्याहू के सशक्त नेतृत्व का प्रतीक बताया।

हमास की कैद में कितने मृत बंधक?

हमास की कैद में 20 जीवित बंधकों के अलावा करीब 26 मृत बंधक भी हैं। हालांकि मृत बंधकों की रिहाई अगले चरण में हो सकती है, जिसके विषय में फिलहाल कोई घोषणा नहीं की गई है।