विदेश

रिसर्च में आई बड़ी बात सामने, छोटी वॉक की जगह लंबी वॉक दिल को रखेगी सेहतमंद

Oct 29, 2025
Long walk
Long walk (Representational Photo)

आमतौर पर रोजाना 10 हज़ार कदम चलने को दिल की सेहत के लिए आदर्श माना जाता है, लेकिन एक नई रिसर्च में सामने आया है कि दिनभर में कई छोटी-छोटी वॉक की बजाय एक लंबी वॉक करना सेहत के लिए ज़्यादा फायदेमंद है। वैज्ञानिकों का कहना है कि आप कितना चलते हैं यह मायने नहीं रखता, कैसे चलते हैं यह मायने रखता है। ऐसे में लंबी वॉक सेहत के लिए ज़्यादा सेहतमंद होती है।

क्या कहती है रिसर्च?

अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस की एनल्स ऑफ इंटरनल मेडिसिन में प्रकाशित इस रिसर्च के अनुसार जो लोग कम एक्सरसाइज़ करते हैं, वो अगर रोज़ाना कम से कम 15 मिनट बिना रुके चलते हैं, तो उनका दिल ज़्यादा स्वस्थ रहता है। यह लगभग 1,500 कदमों के बराबर है।

वॉक की अवधि के आधार पर लोगों को चार समूहों में बांटा

यह रिसर्च ब्रिटेन के 40 से 79 वर्ष की उम्र के 33,560 वयस्कों पर की गई, जो औसतन 8,000 कदम से कम चलते थे। प्रतिभागियों को उनकी वॉक की अवधि के आधार पर चार समूहों में बांटा गया। 5 मिनट से कम (43%), 5 से 10 मिनट (33.5%), 10 से 15 मिनट (15.5%) और 15 मिनट या उससे ज़्यादा (8%)। सिडनी विश्वविद्यालय और स्पेन के यूनिवर्सिडाड यूरोपिया के वैज्ञानिकों ने 8 वर्षों तक इन लोगों के स्वास्थ्य पर नज़र रखी।

रिसर्च का क्या निकला नतीजा?

रिसर्च का नतीजा यह निकला कि जो लोग लंबी वॉक करते थे, उनमें दिल की बीमारी का खतरा काफी कम पाया गया। यहाँ तक कि जो लोग दिनभर में 5,000 कदम से भी कम चलते थे, वे भी अगर लंबे समय तक लगातार चलते थे, तो उन्हें दिल की बीमारियों और असमय मृत्यु का खतरा कम हुआ।

लगतार 10-15 मिनट की सैर भी फायदेमंद

नई रिसर्च के अनुसार चलने का तरीका और उसका पैटर्न भी दिल की सेहत पर बड़ा असर डालता है। अगर कोई व्यक्ति दिनभर बहुत कम चलता है, तो भी अगर वह रोज एक बार 10-15 मिनट तक लगातार चले, तो उसके दिल के लिए यह काफी फायदेमंद हो सकता है। हर वयस्क को हफ्ते में कम से कम 150 मिनट की मध्यम-स्तर की गतिविधि करनी चाहिए, जैसे तेज़ गति से चलना। रिसर्च में 65 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों को हल्की गतिविधि की सलाह दी गई है।

Updated on:
29 Oct 2025 09:53 am
Published on:
29 Oct 2025 09:53 am