विदेश

अफ़ग़ानिस्तान में भीषण सड़क हादसा, एक परिवार के 7 लोगों समेत 11 मौत

उत्तरी अफगानिस्तान के बदाखशान प्रांत में एक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अभी भी घायल है। दुर्घटना में मारे गए लोगों में एक ही परिवार के 7 लोग शामिल है।

2 min read
Sep 09, 2025
अफगानिस्तान में सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत (फोटो-आईएएनएस)

अफगानिस्तान में एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है जिसमें एक ही परिवार के 7 लोगों समेत 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। उत्तरी अफगानिस्तान के बदाखशान प्रांत में हुए इस हादसे में एक व्यक्ति अभी भी घायल है। मंगलवार को स्थानीय पुलिस अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, एक वाहन के खाई में गिरने से यह दुर्घटना हो गई है। सोमवार दोपहर दरायेम जिले में हुए इस हादसे के पीछे ड्राइवर की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

नेपाल में विरोध प्रदर्शन के बीच सरकार पर बढ़ा खतरा, ओली कैबिनेट के 3 और मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

पांच लोगों की क्षमता की गाड़ी में 12 बैठाए

दरअसल ड्राइवर ने ट्रैफिक नियम तोड़ते हुए एक गाड़ी में 12 सवारियों को बैठा रखा था जबकि उसकी क्षमता सिर्फ पांच लोगों की थी। जिला पुलिस प्रमुख सैयद मीर खंगर ने इस दुर्घटना में एक ही परिवार के सात लोग के मरने की पुष्टि की है। इससे पहले सोमवार सुबह पूर्वी गजनी प्रांत में भी एक कार और बस की टक्कर के चलते एक खतरनाक हादसा हो गया था, जिसमें छह लोगों की जान चली गई थी और एक व्यक्ति घायल हो गया था।

कुछ हफ्तों में देश में सड़क हादसों में 100 से ज्यादा मौतें

अफगानिस्तान में पिछले कुछ हफ्तों में सड़क हादसों में 100 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसमें सबसे भयानक हादसा अगस्त में पश्चिमी हेरात प्रांत में हुआ था, जिसमें 79 यात्रियों की मौत हो गई थी। 27 अगस्त को भी राजधानी काबुल के पश्चिम में एक बस के पलटने से बड़ी दुर्घटना हो गई थी। इस हादसमें 25 यात्रियों की मौत हो गई थी जबकि 27 अन्य घायल हो गए थे। आंतरिक मामलों के मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन क़ानी ने जानकारी देते हुए बताया था कि, लापरवाह ड्राइविंग की चलते दक्षिणी कंधार को काबुल से जोड़ने वाले राजमार्ग पर अर्घंडी इलाके में यह दुर्घटना हो गई हुई है।

सड़क से उतर कर पलटा वाहन

इसी तरह 24 अगस्त को उत्तरी अफगानिस्तान के बदाखशान प्रांत में हुई एक सड़क दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई थी और चार अन्य लोग घायल हो गए थे। प्रांतीय पुलिस के मुताबिक, एक वाहन के सड़क से उतरकर पलटने के चलते यह घटना हुई थी। इस हादसे में एक महिला समेत एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि चार लोगों को गंभीर चोटें आई थी।

Published on:
09 Sept 2025 04:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर