Sudan Conflict: आरएसएफ ने एक बार फिर सूडान में कत्लेआम मचाया है। आरएसएफ के ड्रोन अटैक में 5 निर्दोष लोग मारे गए हैं।
सूडान (Sudan) में 15 अप्रैल 2023 से चल रहे गृहयुद्ध के खत्म होने के आसार नज़र नहीं आ रहे हैं। 3 साल से ज़्यादा समय से देश की सेना और अर्धसैनिक बल (पैरामिलिट्री) रैपिड सपोर्ट फोर्सेज़ - आरएसएफ (Rapid Support Forces - RSF) में खूनी जंग जारी है। इस युद्ध की वजह से सूडान में अब तक कई हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है। लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं। इतना ही नहीं, युद्ध की वजह से देश में भोजन का संकट भी पैदा हो गया है जिससे करोड़ों लोग परेशान हैं। अभी भी समय-समय पर आरएसएफ के लड़ाके निर्दोष लोगों पर हमले करते रहते हैं और अब एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया है।
आरएसएफ ने मंगलवार को व्हाइट नाइल (White NIle) राज्य के कोस्ती (Kosti) शहर को निशाना बनाते हुए ड्रोन अटैक किया। आरएसएफ के इस ड्रोन अटैक का शिकार शहर के दो पेट्रोल पंप बने और इस हमले की वजह से दोनों पेट्रोल पंप पर आग लग गई, जिससे हाहाकार मच गया।
व्हाइट नाइल राज्य के कोस्ती शहर मेंआरएसएफ के इस ड्रोन अटैक से 5 लोगों की मौत हो गई। सूडान के डॉक्टर्स नेटवर्क ग्रुप ने इसकी पुष्टि की।
सूडान के डॉक्टर्स नेटवर्क ग्रुप के अनुसार आरएसएफ के इस ड्रोन अटैक में 9 लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी मेडिकल शिविरों और क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।