विदेश

Russia Plane Crash: उड़ान भरने के कुछ देर बाद रूस का सैन्य विमान हादसे का शिकार, 6 की गई जान

Amur Plane Crash: रूस के अमूर क्षेत्र में मंगलवार को टेकऑफ के कुछ देर बाद सैन्य विमान क्रैश हो गया। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। शुरुआती जानकारी में विमान को Tu-154 बताया गया है। दुर्घटना के बाद ईंधन टैंकों में धमाका हुआ और मलबे में आग लग गई। हादसे की जांच होगी।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
Russia Plane Crash news
रूस में सैन्य विमान हादसे का शिकार(फोटो-X/@BohuslavskaKate)

Russia Military Aircraft Crash: रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में मंगलवार को एक सैन्य विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। रूसी समाचार एजेंसी इंटरफैक्स ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से यह जानकारी दी है। हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और इसकी जांच की जाएगी। हादसा अमूर क्षेत्र के क्रास्नोयारोवो गांव के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान में सात लोग सवार थे। इनमें से छह की मौत हो गई। बताया गया है कि दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में चोटों के कारण दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद विमान के ईंधन टैंकों में धमाका हुआ और मलबे में आग लग गई। राहत और बचाव दल ने मौके पर कार्रवाई की। दुर्घटना के कारणों को लेकर अभी रूसी अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

Tu-154 विमान से जुड़ी अहम जानकारी

शुरुआती रिपोर्टों में दुर्घटनाग्रस्त विमान को टुपोलेव Tu-154 बताया गया है। यह सोवियत दौर का तीन इंजन वाला जेट विमान है, जिसे मूल रूप से मध्यम दूरी की यात्री उड़ानों के लिए विकसित किया गया था। Tu-154 ने पहली उड़ान 1968 में भरी थी और 1970 के दशक की शुरुआत में इसे यात्री सेवाओं में शामिल किया गया। बाद में इसके अलग-अलग संस्करणों का इस्तेमाल सेना और सरकारी एजेंसियों ने परिवहन तथा अन्य विशेष मिशनों के लिए भी किया। सोवियत संघ के दौर में Tu-154 घरेलू यात्री उड़ानों में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख विमानों में शामिल था। इसके 1,000 से अधिक विमान बनाए गए थे। विमान के डिजाइन में तीन इंजन और मजबूत लैंडिंग गियर जैसी विशेषताएं थीं, जिसकी वजह से यह रूस जैसे विशाल देश में अलग-अलग परिस्थितियों वाले हवाई अड्डों पर भी इस्तेमाल किया जाता रहा।

अब भी सरकारी और सैन्य इस्तेमाल

Tu-154 का व्यावसायिक इस्तेमाल अब लगभग समाप्त हो चुका है, लेकिन इसके कुछ विमान अभी भी सरकारी और सैन्य कार्यों में इस्तेमाल किए जाते हैं। रूस की सरकारी एजेंसियां और रक्षा मंत्रालय इसके अलग-अलग संस्करणों का इस्तेमाल कर्मचारियों और अन्य यात्रियों के परिवहन के लिए करते रहे हैं। रूसी सेना की 223वीं फ्लाइट स्क्वाड्रन भी परिवहन अभियानों के लिए Tu-154 का इस्तेमाल करती रही है। हालांकि, अमूर क्षेत्र में मंगलवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान के विशेष मिशन और संचालन संबंधी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Updated on:
29 Sept 2026 07:55 pm
Published on:
29 Sept 2026 07:50 pm