विदेश

Russia-Ukraine War: जब यूनिवर्सिटी में चल रही थीं क्लासेज़ तभी रूस ने किया ड्रोन अटैक, मची चीखपुकार

Russian Drone Attack In Ukraine: रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर हमले किया है और निशाना बनाया है कीव की एक यूनिवर्सिटी को। यह हमला उस समय किया गया जब यूनिवर्सिटी में क्लासेज़ चल रही थीं।
2 min read
Sep 02, 2026
Russia drone attack
यूक्रेन की यूनिवर्सिटी पर रूस का ड्रोन अटैक (Photo - @ZelenskyyUa)

रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) 4 साल से ज़्यादा समय बीतने के बाद भी जारी है। 24 फरवरी, 2022 को शुरू हुआ यह युद्ध रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। दोनों देश एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं, लेकिन रूस की तरफ से ज़्यादा हमले किए जा रहे हैं। आज, बुधवार, 2 सितंबर को रूस ने कीव की एक यूनिवर्सिटी को निशाना बनाया।

जब चल रही थीं क्लासेज़ तभी रूस ने किया ड्रोन अटैक

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी कि रूस ने शाहेद ड्रोन्स (Shahed Drones) से कीव की यूनिवर्सिटी पर उस समय हमला किया जब क्लासेज़ चल रही थीं। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने इस हमले की निंदा भी की। ज़ेलेन्स्की ने लिखा, "आज, रूसी शाहेद ड्रोन्स ने कीव की एक यूनिवर्सिटी पर हमला किया, ठीक उस समय जब क्लासेज़ चल रही थी। अच्छी बात यह रही कि सभी 160 छात्र शेल्टर में थे।"

अन्य हमलों के बारे में भी ज़ेलेन्स्की ने दी जानकारी

ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, "रात में रूस ने ओडेसा पर हमला किया। इसमें एक आम रिहायशी इमारत और शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो गया। हमले में पांच लोग घायल हुए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। खेरसन में रूस ने एक ऐसी इमारत पर हमला किया जिसका इस्तेमाल इमरजेंसी सर्विस वाले लोग और पुलिस करती थी। खारकीव इलाके में हमले के बाद हज़ारों लोग बिना बिजली के रह गए और कई लोग घायल भी हुए। जेट-पावर्ड ड्रोन और हवाई बमों के खतरे के कारण कई इलाकों में हवाई हमले के अलर्ट जारी हैं।"

सिर्फ यूक्रेन की नहीं है समस्या

ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, "दुर्भाग्य से रूस के हमलों में इस नई तेज़ी पर दुनिया और उसके सबसे प्रभावशाली नेताओं की प्रतिक्रिया बहुत कम रही है। जब रूसी-ईरानी शाहेद ड्रोन यूरोप में चौबीसों घंटे इस तरह का आतंक फैला रहे हैं, तो यह सिर्फ यूक्रेन की समस्या नहीं रह सकती। यूक्रेनी लोगों पर होने वाला हर ऐसा हमला, हमारे शहरों और गांवों के खिलाफ शाहेद और दूसरे हथियारों का हर ऐसा इस्तेमाल असल में रूस की उन रणनीतियों की प्रैक्टिस है जिनकी तैयारी वह दूसरे देशों और दूसरे लोगों के खिलाफ भी कर रहा है।"

अब कार्रवाई करने का समय आ गया है

ज़ेलेन्स्की ने आगे लिखा, "अब कार्रवाई करने का समय आ गया है। बुराई को उसी समय रोकना होगा जब वो अपना सिर उठाए। रूस पर दबाव डालने और यूक्रेन की मदद करने के लिए बिल्कुल स्पष्ट और निर्णायक कदम उठाने की ज़रूरत है। हर सहयोगी जानता है कि क्या ज़रूरी है। यूक्रेन के लिए एयर डिफेंस, रूस पर प्रतिबंध और डिफेंस प्रोडक्शन में भारी बढ़ोतरी की ज़रूरत है। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करता हूं जो सच में हमारी मदद कर रहे हैं।"