विदेश

Russia Attack Ukraine: रूस ने यूक्रेन पर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, 14 लोगों की मौत, 22 घायल

Russian ballistic missile strike on Kyiv: रूस और यूक्रेन के बीच जंग खत्म होता नहीं दिख रहा है। दोनों देशों द्वारा एक-दूसरे पर मिसाइल-ड्रोन हमले जारी है। इन हमलों की वजह से दोनों देशों के नागरिकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी बीच रूस ने एक बार फिर कीव को निशाना बनाया है। इन हमलों में 14 लोगों की मौत हुई, जबकि 22 लोग घायल है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
2 min read
Aug 05, 2026
russia ukraine conflict
रूस और यूक्रेन के बीच तनाव बरकरार है। (Photo -X/@ChristopherJM)

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है, जिसका खामियाजा दोनों देशों के नागरिकों को उठाना पड़ रहा है। दरअसल, रूस ने बुधवार रात यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से जबरदस्त हमला किया। रूस द्वारा किए गए इन हमलों में 14 यूक्रेनी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 22 अन्य लोग घायल हो गए। यह इस वर्ष कीव पर हुए सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है।

रूस की ओर से किए गए इन हमलों में कीव में भारी तबाही हुई है। इस बारे में कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने कहा कि दुश्मन (रूस) ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर यूक्रेन की राजधानी को निशाना बनाया है। इन हमलों में रिहायशी इमारतों और गोदामों को भारी नुकसान पहुंचा है। रूस के भीषण हमले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक घंटे से अधिक समय तक एयर रेड अलर्ट जारी रहा।

कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि बोरिस्पिल जिले में नौ लोगों की मौत हुई, जबकि बुचा जिले में चार लोगों ने जान गंवाई। वहीं, फास्तिव जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई।

रूस पर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप

कीव के मेयर विताली क्लिचको ने आरोप लगाया कि रूस जानबूझकर नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के मध्य हिस्से पर हुए हमलों के बाद आशंका है कि कई लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। उन्होंने टेलीग्राम पर यह भी बताया कि रूस द्वारा किए गए इन हमलों में घायल चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि, यूक्रेन पर किए गए इन हमलों को लेकर रूस की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

रूस और यूक्रेन के बीच जंग क्यों?

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ था। इस युद्ध की प्रमुख वजह यूक्रेन की पश्चिमी देशों के सैन्य गठबंधन नाटो में शामिल होने की इच्छा रही है। रूस यूक्रेन के नाटो में शामिल होने को अपनी सुरक्षा के लिए सीधा खतरा मानता है। रूस-यूक्रेन युद्ध में अब तक हुए हताहतों की संख्या को लेकर न तो कोई आधिकारिक और न ही कोई सर्वमान्य आंकड़ा उपलब्ध है।

Updated on:
05 Aug 2026 11:11 am
Published on:
05 Aug 2026 10:56 am