विदेश

Russia Ukraine War: रूस पर यूक्रेन का ड्रोन हमला, वेयरहाउस पर 7 की मौत, तेल डिपो में लगी आग

Ukraine Attacks Russia: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने रूस पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। कोतोव्स्क में 7 कर्मचारियों की मौत हुई, कई घायल हुए और तेल डिपो में आग लग गई।
2 min read
Jul 18, 2026
ukraine drone attack on
यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद का दृश्य। (Photo- X/@KyivPost)

Moscow Region Drone Attack: यूक्रेन और रूस के बीच 24 फरवरी 2022 से जारी युद्ध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देश तब से एक-दूसरे पर हमले कर रहे है। ऐसे में इसकी सबसे बड़ी कीमत दोनों देशों के आम नागरिकों को चुकानी पड़ रही है। इसी बीच शनिवार को यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में ड्रोन हमले किए। इन हमलों में सात वेयरहाउस कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। इसके अलावा मॉस्को क्षेत्र के एक तेल डिपो में भी आग लग गई।

कोतोव्स्क शहर में 7 की मौत, 25 घायल

तांबोव क्षेत्र के गवर्नर एवगेनी पेरविशोव ने बताया कि मॉस्को से करीब 475 किलोमीटर दूर स्थित कोतोव्स्क शहर में यूक्रेन ने ड्रोन हमला किया। हमला रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदाम पर हुआ। इस हमले में 25 लोग घायल हो गए।

पेरविशोव ने कहा कि रात की शिफ्ट में काम कर रहे सात कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि रूसी एयर डिफेंस ने 28 ड्रोन को पहले ही मार गिराया। उनका कहना है कि यदि सभी ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंच जाते, तो मृतकों और घायलों की संख्या कहीं अधिक हो सकती थी।

इलेक्ट्रोस्टल शहर में 24 लोग घायल

मॉस्को क्षेत्र के इलेक्ट्रोस्टल शहर में वाइल्डबेरीज़ के एक अन्य वेयरहाउस पर भी ड्रोन हमला हुआ। इस घटना में 24 लोग घायल हो गए। वाइल्डबेरीज़ की सह-संस्थापक और CEO तात्याना किम ने इसे कंपनी और रूस, दोनों के लिए बेहद दुखद रात बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

तेल डिपो में लगी आग

मॉस्को क्षेत्र के नोगिंस्क शहर में ड्रोन का मलबा गिरने से एक तेल डिपो में आग लग गई। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं। एहतियात के तौर पर पास के एक मैटरनिटी अस्पताल को भी खाली करा लिया गया।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दौरान दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर ड्रोन और मिसाइल हमले कर रहे हैं। शनिवार को हुआ यह हमला हाल के दिनों में रूस पर हुए बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है।

Updated on:
18 Jul 2026 02:02 pm
Published on:
18 Jul 2026 01:54 pm