Putin Hits Back At Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ दिन पहले रूस को 'कागजी शेर' बताया था। अब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप पर पलटवार किया है।
रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच चल रहे युद्ध को रुकवाने में अभी तक अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को कामयाबी नहीं मिली है। ट्रंप लंबे समय से इस बात का दावा कर रहे हैं कि वह कुछ समय में ही इस युद्ध को रुकवा सकते हैं, पर अभी तक ऐसा कर नहीं पाए हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) से मुलाकात का भी कोई फायदा नहीं हुआ और अब ट्रंप एक बार फिर रूस पर शब्दों से वार करने लगे हैं। कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने रूस को 'कागजी शेर' बताया था। अब रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ट्रंप के इस बयान पर पलटवार किया है।
ट्रंप के रूस को 'कागजी शेर' बताने के बयान पर पुतिन ने तीखा पलटवार किया। गुरुवार को वाल्डाई चर्चा ग्रुप के कार्यक्रम के दौरान जब रूसी राष्ट्रपति से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "एक 'कागजी शेर'? मुझे नहीं पता कि वह गंभीर थे या मज़ाक कर रहे थे, लेकिन अगर रूस, जो सभी नाटो देशों से मिलकर लड़ रहा है और वो हमसे निपट नहीं पा रहे। हम आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहे हैं और हमें एक 'कागजी शेर' कहा जा रहा है, तो नाटो क्या है? एक 'कागजी शेर'। तो फिर रूस से निपटो।"
पुतिन ने वाल्डाई चर्चा ग्रुप के कार्यक्रम के दौरान भारत (India) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की तारीफ की। पुतिन ने पीएम मोदी को अपना अच्छा और भरोसेमंद दोस्त बताया और कहा कि वह उनसे मिलने के लिए उत्सुक हैं। दोनों के बीच दिसंबर के पहले हफ्ते में मुलाकात होगी। पुतिन ने यह भी कहा कि भारत के आगे अमेरिकी टैरिफ फेल हो जाएगा। रूसी राष्ट्रपति का मानना है कि भारत और चीन खुद का और अपने लोगों का सम्मान करते हैं पर यूरोप ऐसा नहीं करता। भारत-रूस संबंधों के बारे में बात करते हुए पुतिन ने कहा कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से काफी मज़बूत संबंध हैं और भारत को भी यह बात पता है। दोनों देश इन संबंधों को काफी अहम मानते हैं। पुतिन ने पीएम मोदी को एक बेहद समझदार लीडर बताया और कहा कि वह अपने देश के लोगों के हितों का ध्यान रखते हैं।