विदेश

तीन साल पहले इजरायल से महिलाओं का अपहरण कर भागा, अब IDF ने हमास के साहेर साकर को गाजा में किया ढेर

IDF Airstrike: इजराइली सेना ने मध्य गाजा के नुसेइरात इलाके में एक हवाई हमले में साहेर निदाल लुत्फी साकर को मार गिराया। IDF के अनुसार, साकर वही व्यक्ति था जो उस मोटरसाइकिल को चला रहा था जिसका इस्तेमाल तीन साल पहले नोवा म्यूज़िक फेस्टिवल से महिलाओं को अगवा करके गाज़ा ले जाने के लिए किया गया था।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
Saher Sakr killed Nuseirat Airstrike
मारा गया साहेर निडाल लत्फी साकर (फोटो- स्क्रीन ग्रैब X/@IDF)

Saher Sakr killed: इजराइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने 7 अक्टूबर 2023 के नरसंहार और नोवा म्यूजिक फेस्टिवल पर हुए हमले में शामिल एक संदिग्ध को ढेर कर दिया है। इजराइली सेना और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट (ISA) ने मध्य गाजा के नुसेइरात इलाके में एक सटीक हवाई हमले में आतंकवादी साहेर निदाल लुत्फी साकर को मार गिराया। साकर वही आतंकवादी था जिसे 7 अक्टूबर के हमले के एक वायरल वीडियो में नोवा फेस्टिवल से नोआ अरगामानी को जबरन मोटरसाइकिल पर बिठाकर गाजा की ओर ले जाते हुए देखा गया था।

हमास को हथियार सप्लाई करता था साकर

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए IDF ने बताया कि साहेर साकर गाजा में सक्रिय वैश्विक जिहादी समूहों से जुड़ा था। वह युद्ध के दौरान लगातार हमास को हथियार सप्लाई कर रहा था। उसने 7 अक्टूबर 2023 के नरसंहार के दौरान इजराइल में घुसपैठ की थी और नोवा म्यूजिक फेस्टिवल से नोआ अरगामानी और उनके साथी अविनतन ओर को अगवा करने के लिए इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल चलाई थी।

IDF के अनुसार, साकर हाल ही में हमास और फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के सदस्यों के साथ मिलकर इजराइली नागरिकों और सैनिकों के खिलाफ नए हमलों की साजिश रच रहा था। यह हवाई हमला खास तौर पर इन साजिशों को नाकाम करने के लिए किया गया था।

जॉइंट ऑपरेशन में मारा गया आतंकी

IDF और शिन बेट ने बताया कि यह ऑपरेशन गिडिओनिम यूनिट 33 के साथ मिलकर किया गया था, जो इजराइली पुलिस के लाहव 433 डिवीजन की एक स्पेशल यूनिट है। बताया गया कि इजरायली एयर फोर्स ने इस हमले के लिए सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों और हवाई निगरानी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया ताकि आम नागरिकों को कोई नुकसान न हो और सिर्फ टारगेट किए गए आतंकवादी को ही खत्म किया जा सके।

दुनिया भर में वायरल हुआ था अपहरण का वीडियो

7 अक्टूबर 2023 को किबुत्ज़ रीम के पास नोवा म्यूजिक फेस्टिवल से नोआ अरगामानी के अपहरण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में नोआ को एक मोटरसाइकिल के पीछे बैठे हुए रोते और मदद के लिए गुहार लगाते हुए देखा गया, जबकि उनके साथी अविनतन ओर को पैदल ही बंधक बनाकर ले जाया जा रहा था।

जून 2024 में बचाई गई थीं नोआ, 738 दिन बाद रिहा हुए थे साथी अविनातन

8 जून 2024 को इजराइली कमांडो ने नुसेइरात में एक गुप्त मिशन (ऑपरेशन अर्नोन) के दौरान नोआ अरगामानी को तीन अन्य बंधकों अल्मोग मीर जान, आंद्रे कोजलोव और श्लोमी ज़िव के साथ सुरक्षित बचा लिया था। इस बचाव अभियान के दौरान इजराइली आतंकवाद निरोधी अधिकारी अर्नोन जमोरा मारे गए थे। वहीं, नोआ के साथी अविनतन ओर को 738 दिनों तक बंधक बनाए रखने के बाद 13 अक्टूबर 2025 को रिहा कर दिया गया था।

Updated on:
27 Sept 2026 03:36 pm
Published on:
27 Sept 2026 03:17 pm