विदेश

DMZ विस्फोट पर बढ़ा तनाव: दक्षिण कोरिया की UNSC से गुहार, उत्तर कोरिया को ठहराया जिम्मेदार

दक्षिण कोरिया UNSC अध्यक्ष को पत्र भेजकर उत्तर कोरिया से DMZ में 21 सितंबर के बारूदी सुरंग विस्फोट की जिम्मेदारी लेने और माफी मांगने को कहेगा। घटना में 3 सैनिक घायल हुए थे।
2 min read
• •
Updated: 22 Oct 2026, 7:40 PM IST
Korean War Armistice Agreement
DMZ में बारूदी सुरंग का धमाका: दक्षिण कोरिया ने UNSC में उठाया मुद्दा, Photo Source@IANS

Korean War Armistice Agreement: दक्षिण कोरिया, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के अध्यक्ष को एक पत्र भेजने की योजना बना रहा है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि इस पत्र में उत्तर कोरिया से पिछले महीने हुए बारूदी सुरंग (लैंड माइन) विस्फोट के लिए माफी मांगने और 'कोरियाई युद्ध युद्धविराम समझौते' (Korean War Armistice Agreement) के उल्लंघन की जिम्मेदारी लेने को कहा जाएगा।

दक्षिण कोरियाई सेना ने निष्कर्ष निकाला है कि 21 सितंबर को 'विसैन्यीकृत क्षेत्र' (DMZ) में हुए विस्फोट, उत्तर कोरिया द्वारा 'सैन्य सीमा रेखा' (MDL) के दक्षिण में बिछाई गई बारूदी सुरंगों के कारण हुए थे। इन घटनाओं में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

उत्तर कोरिया ने किया युद्धविराम उल्लंघन

योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय के प्रवक्ता पार्क डू-सून ने एक नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा, "इस पत्र में बताया जाएगा कि यह विस्फोट उत्तर कोरियाई सैनिकों द्वारा युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करते हुए बिछाई गई बारूदी सुरंगों के कारण हुआ था। इसमें प्योंगयांग से माफी और जिम्मेदारी भरा कदम उठाने की मांग की जाएगी, साथ ही तनाव को और बढ़ने से रोकने और विश्वास बहाल करने के लिए बातचीत का आह्वान किया जाएगा।"

पार्क ने आगे कहा कि इस पत्र के जरिए "प्योंगयांग की हालिया कोशिशों की ओर भी ध्यान दिलाया जाएगा, जिसमें वह MDL के पास दक्षिण कोरियाई सैनिकों की वैध सैन्य गतिविधियों को उकसावे की कार्रवाई बता रहा है और बढ़ते तनाव की जिम्मेदारी दक्षिण कोरिया पर डालने की कोशिश कर रहा है।

उत्तर कोरिया ले घटना की जिम्मेदारी

मंत्रालय के प्रवक्ता पार्क डू-सून ने बताया कि यह पत्र संयुक्त राष्ट्र में दक्षिण कोरिया के राजदूत की ओर से भेजा जाएगा और इसके गुरुवार (न्यूयॉर्क के समय के अनुसार) तक भेजे जाने की उम्मीद है। इस तरह के पत्र आमतौर पर सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को मिलने के कुछ दिनों के भीतर परिषद के सदस्यों के बीच वितरित कर दिए जाते हैं और बाद में UNSC की वेबसाइट पर पोस्ट कर दिए जाते हैं।

उत्तर कोरिया ने इस घटना की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है और चेतावनी दी है कि अगर दक्षिण कोरिया कोई जवाबी कार्रवाई करता है, तो वह भी पलटवार करेगा। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि सरकार, UNSC की वर्तमान (रोटेटिंग) अध्यक्षता संभाल रहे ग्रीस के साथ समन्वय करेगी, "ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पत्र भेजे जाने के बाद जल्द से जल्द परिषद के सदस्यों तक पहुंच जाए।"

Updated on:
22 Oct 2026, 7:40 PM IST
Published on: