19 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दक्षिण कोरिया के साथ युद्ध की तैयारी में उत्तर कोरिया, सीमा पर हथियार की तैनाती, किम जोंग की बहन ने दी चेतावनी

North Korea Warning: उत्तर कोरिया की किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया को धमकी दी है। सीमा पर सामरिक हथियार तैनात करने और लाउडस्पीकर प्रसारण फिर शुरू करने की बात कही है।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Mukul Kumar

•

Oct 19, 2026

South Korea DMZ blast news

किम जोंग उन। (फोटो-IANS)

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया को खुली धमकी दी है। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया की सीमा पर अतिरिक्त सामरिक हथियार तैनात करने का काम चल रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सीमा पर लाउडस्पीकर प्रसारण भी दोबारा शुरू करने पर गंभीरता से विचार चल रहा है।

दक्षिण कोरिया के जवान खतरे में

उत्तर कोरिया की सरकारी खबर एजेंसी 'केसीएनए' ने यह जानकारी दी है। किम यो जोंग ने कहा कि दक्षिणी सीमा की स्थिति बहुत अस्थिर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दक्षिण कोरियाई सेना अपने जवानों पर ऑटोमैटिक राइफल और बड़ी मशीनगनों से चेतावनी की गोलीबारी कर रही है। इससे उनके सैनिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

दक्षिण कोरिया को कहा- आरओके

किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया को आरओके (रिपब्लिक ऑफ कोरिया) कहकर संबोधित किया। बता दें कि 1 अगस्त से 17 अक्टूबर तक दक्षिण कोरिया ने 2870 बार लाउडस्पीकर से चेतावनी दी है और सीमा पर 201 बार गोली चलाई है। यह आंकड़ा किम यो जोंग ने खुद बताया। फिलहाल, दक्षिण कोरिया ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।

सीमा पर किलेबंदी का काम तेज

दोनों देशों के बीच तनाव अप्रैल 2024 से बढ़ना शुरू हुआ, जब उत्तर कोरिया ने सीमा पर किलेबंदी का काम तेज कर दिया। 1953 में कोरिया युद्ध के बाद बनी डीएमजेड यानी निर्जन क्षेत्र दोनों देशों को अलग करती है।

दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार, उत्तर कोरिया ने इस साल करीब सात हजार मजदूर भेजकर बारूदी सुरंगें और बाड़ लगाने का काम किया है। सीमा पार करने की करीब 50 घटनाएं भी हुईं।

पिछले महीने उत्तर कोरिया की ही बारूदी सुरंग फटने से उसके दो सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दक्षिण कोरिया ने इस काम को रोकने की अपील की थी।

दक्षिण कोरिया भी हाई अलर्ट पर

इस बीच, सियोल स्थित क्युंगनम यूनिवर्सिटी के 'इंस्टीट्यूट फॉर फार ईस्टर्न स्टडीज' के प्रोफेसर लिम उल-चुल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा- दक्षिण कोरियाई सेना, उत्तर कोरिया द्वारा किए जा रहे किलेबंदी के कामों को लेकर हाई अलर्ट पर है; वे चेतावनी के तौर पर गोलियां चला रहे हैं और लाउडस्पीकर के जरिए घोषणाएं कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा- ऐसा लगता है कि प्योंगयांग को इस बात की चिंता है कि सियोल की इन चेतावनी भरी गतिविधियों से सीमा के पास तनाव बढ़ सकता है या कोई सैन्य टकराव हो सकता है।