विदेश

एलन मस्क की ‘SpaceX’ का कारनामा: सिर्फ 38.5 मिनट में दो Falcon 9 लॉन्च, बनाया नया रिकॉर्ड

SpaceX Falcon 9 Launch: Globalstar के आठ सैटेलाइट और US Space Force का क्लासिफाइड मिशन सफल रहा। इसकी वजह है कि एलन मस्क की कंपनी SpaceX ने सिर्फ 38.5 मिनट में दो Falcon 9 रॉकेट लॉन्च कर ये कारनामा किया।
2 min read
Aug 16, 2026
SpaceX Falcon 9 Launch
SpaceX की बड़ी उपलब्धि। जानिए कैसे SpaceX ने तोड़ा अपना पुराना रिकॉर्ड (इमेज सोर्स: ANI और Anadolu एक्स यूजर)

SpaceX Globalstar US Space Force: अंतरिक्ष की दुनिया में एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X ने एक और बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। कंपनी ने सिर्फ 38.5 मिनट के अंतर पर दो Falcon 9 रॉकेट लॉन्च किए। दोनों लॉन्च अमेरिका के अलग-अलग तटों से हुए। इस दौरान एक मिशन में Globalstar के आठ सैटेलाइट भेजे गए। दूसरे मिशन में US Space Force का क्लासिफाइड पेलोड लॉन्च किया गया। यह SpaceX के लिए एक बड़ी ऑपरेशनल उपलब्धि है। कंपनी ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

65 मिनट का टूटा रिकॉर्ड

बता दें स्पेस-X ने दोनों लॉन्च शनिवार रात किए। पहला Falcon 9 फ्लोरिडा के ‘केप कैनावेरल अंतरिक्ष स्टेशन’ (Cape Canaveral Space Force Station) से रवाना हुआ। इसमें ग्लोबलस्टार के आठ ‘लो ऑर्बिट अर्थ’ यानी LEO सैटेलाइट थे। रॉकेट ने रात 9:12 बजे EDT पर उड़ान भरी। लॉन्च के करीब 56 मिनट बाद सैटेलाइट्स को ऑर्बिट में तैनात किया गया। यह पूरा डिप्लॉयमेंट करीब छह मिनट में पूरा हुआ।

इसके ठीक 38.5 मिनट बाद दूसरा Falcon 9 कैलिफोर्निया के ‘वैंडेनबर्ग अंतरिक्ष बल बेस’ (Vandenberg Space Force Base) से लॉन्च हुआ। इसमें यूएस स्पेस फ़ोर्स का USSF-366 क्लासिफाइड पेलोड था। बता दें इससे पहले SpaceX का सबसे कम डुअल-लॉन्च गैप 65 मिनट था। यह रिकॉर्ड अगस्त 2024 में बना था। अब कंपनी ने इसे काफी बड़े अंतर से तोड़ दिया है।

दोनों बूस्टर की सफल लैंडिंग

SpaceX की सफलता सिर्फ लॉन्च तक सीमित नहीं रही। दोनों मिशन के Falcon 9 के पहले चरण के बूस्टर भी सफलतापूर्वक वापस लैंड हुए।Globalstar मिशन का B1090 बूस्टर अपनी 14वीं उड़ान पूरी करने के बाद Cape Canaveral के Landing Zone 40 पर उतरा। यह लैंडिंग लॉन्च के करीब आठ मिनट बाद हुई। दूसरे मिशन का B1088 बूस्टर अपनी 18वीं उड़ान पर था। उसने प्रशांत महासागर में मौजूद ड्रोनशिप पर सफल लैंडिंग की। यह SpaceX के लिए खास उपलब्धि रही। इस लैंडिंग के साथ कंपनी ने अपनी 650वीं सफल Falcon बूस्टर लैंडिंग पूरी की।

Globalstar नेटवर्क को मिलेगा फायदा

Globalstar के आठ नए सैटेलाइट उसके सैटेलाइट नेटवर्क को और मजबूत करेंगे। इनका इस्तेमाल डायरेक्ट-टू-डिवाइस कम्युनिकेशन सर्विस को सपोर्ट करने के लिए किया जाएगा।

Globalstar के CEO Paul E. Jacobs ने लॉन्च को कंपनी के लिए अहम कदम बताया है। उनके मुताबिक, इससे कंज्यूमर और एंटरप्राइज कम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी। यह लॉन्च SpaceX के लिए भी खास है। 2026 में कंपनी का कुल ऑर्बिटल मिशन काउंट 96 तक पहुंच गया है। लगातार तेज लॉन्च और रीयूजेबल रॉकेट की सफलता SpaceX की सबसे बड़ी ताकत बनती जा रही है। 38.5 मिनट के अंतर पर दो लॉन्च इसी बढ़ती क्षमता का बड़ा उदाहरण हैं।

Updated on:
16 Aug 2026 05:21 pm
Published on:
16 Aug 2026 05:21 pm