
Strait of Hormuz attacks: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और उसके आसपास समुद्री जहाजों पर हमलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। समुद्री आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में जहाजों पर हमलों की संख्या 30 से अधिक हो गई, जबकि नवंबर में अब तक कम से कम 22 हमले दर्ज किए जा चुके हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की आवश्यकता नहीं है और यदि आवश्यक हुआ तो वह और अधिक सैन्य हमले करने में संकोच नहीं करेंगे।
ब्रिटिश रॉयल नेवी से जुड़ी संस्था यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के आंकड़ों का CNN द्वारा किए गए विश्लेषण के मुताबिक अक्टूबर में इस क्षेत्र में जहाजों पर हमलों की संख्या 30 से अधिक हो गई। संघर्ष शुरू होने के बाद से यह पहली बार है जब हमलों की संख्या इस स्तर तक पहुंची है, इससे पहले औसतन हर महीने लगभग 10 हमले होते थे।
रविवार तक नवंबर में कम से कम 22 हमले दर्ज किए जा चुके थे, जो संघर्ष शुरू होने के बाद से दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) के आंकड़े भी बताते हैं कि इस साल अब तक, अक्टूबर में सबसे अधिक घटनाएं हुई हैं।
जंग से पहले, दुनिया की कुल कच्चे तेल की आपूर्ति का पांचवां हिस्सा (20%) इसी मार्ग से होकर गुजरता था। हालांकि तब से इस क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही में काफी कमी आई है। अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए हमलों के बाद ईरान ने इस समुद्री मार्ग को बंद करने का प्रयास किया, जिसके जवाब में अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी लगा दी।
इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने हाल में तेल की कीमतों में गिरावट की एक वजह खाड़ी देशों से तेल निर्यात में सुधार को बताया है। अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के नतीजों के बाद भी कीमतों में गिरावट आई, क्योंकि मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू होने की चिंताएं कम हो गईं।
वहीं, समुद्री डेटा ट्रैकिंग सेवा केप्लर की एक रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर के अंत में नाकेबंदी क्षेत्र के बाहर समुद्र में मौजूद ईरानी तेल की मात्रा शून्य हो गई थी। कंपनी का अनुमान है कि चीन में आखिरी खेपों की डिलीवरी के बाद दिसंबर के मध्य तक ईरान का तेल राजस्व शून्य तक गिर सकता है।
इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा कि अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। वे दिन बहुत पहले बीत चुके हैं। ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका के पास ईरान का पैसा और होर्मुज जलडमरूमध्य है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले करने से पीछे नहीं हटेगा।
समुद्री जोखिम प्रबंधन फर्म मर्स्क के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को हुए हमलों में तीन टैंकरों को निशाना बनाया गया। ये तीनों जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकल रहे थे, तभी उन पर मिसाइलों और अन्य हथियारों से हमला किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले केमिकल और तेल टैंकर कैप्टन लियोन के अगले हिस्से पर हमला किया गया, जिससे जहाज पर आग लग गई। बताया गया है कि जहाज का पूरा क्रू सुरक्षित है। शनिवार सुबह, हांगकांग के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर टोरकेल के पिछले हिस्से पर हमला हुआ, जिससे जहाज में आग लग गई। इसके एक घंटे से भी कम समय बाद, हांगकांग में पंजीकृत एक अन्य टैंकर एरेना के इंजन रूम पर मिसाइल से हमला किया गया।