विदेश

ताइवान की सीमा के पास फिर मंडराए चीन के लड़ाकू विमान और युद्धपोत, सेना अलर्ट

Taiwan China Tension: ताइवान ने चीन की बढ़ती सैन्य और समुद्री गतिविधियों की जानकारी दी है। एक महीने में ताइवान के आसपास 244 चीनी जहाजों का पता चला, जिससे क्षेत्र में बढ़ती हलचल को लेकर चिंता बढ़ी है।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
Taiwan China Tension, PLA Aircraft
ताइवान के ADIZ में घुसा चीन का PLA विमान (फोटो सोर्स- ANI)

Taiwan Security: ताइवान के आसपास चीन की सैन्य और समुद्री गतिविधियां लगातार जारी हैं। ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार सुबह तक PLA के 3 विमान, PLAN के 6 जहाज और 4 आधिकारिक जहाज द्वीप के आसपास सक्रिय पाए गए। इनमें से एक PLA विमान ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी ADIZ में दाखिल हुआ।

ताइवान के वायु रक्षा क्षेत्र में घुसे चीनी विमान

ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सुबह तक द्वीप के आसपास चीन के 3 सैन्य विमान, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी (PLAN) के 6 युद्धपोत और 4 आधिकारिक जहाज गश्त लगाते पाए गए। इनमें से एक चीनी लड़ाकू विमान ने ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (ADIZ) में सीधा प्रवेश किया। इस पर ताइवान की सेना ने तुरंत एक्शन लिया और रेडियो के जरिए चेतावनी जारी कर चीन की हर हरकत पर कड़ी नजर रखी।

दो दिनों से लगातार जारी है घुसपैठ

यह पहला मौका नहीं है जब चीन ने ताइवान की सीमा के पास इस तरह की हिमाकत की हो। इससे ठीक एक दिन पहले भी ताइवान के आसपास चीन के 3 सैन्य विमान, 5 नौसैनिक जहाज और 4 आधिकारिक पोत देखे गए थे। सोमवार को एक चीनी विमान ने ताइवान जलडमरूमध्य की मीडियन लाइन को पार करते हुए ताइवान के उत्तरी ADIZ क्षेत्र में एंट्री की थी।

समुद्र में अचानक बढ़े चीनी जहाज

ताइवान के समुद्री क्षेत्र में चीनी जहाजों की घुसपैठ का आंकड़ा हर महीने तेजी से बढ़ रहा है। जहां मई के महीने में ताइवान के आसपास केवल 30 चीनी जहाज दर्ज किए गए थे, वहीं जून में यह संख्या बढ़कर 55 पहुंच गई। इसके बाद अगस्त महीने में तो स्थिति काफी बिगड़ गई और ताइवान के आसपास रिकॉर्ड 244 चीनी जहाज पाए गए। इसका सीधा मतलब यह है कि इस दौरान रोजाना औसतन 8 चीनी पोत ताइवान के समुद्री पानी में गश्त लगा रहे थे। इन आंकड़ों में करीब 60 प्रतिशत जहाज चीन के कोस्ट गार्ड के थे, जबकि चीनी नौसेना के नियमित युद्धपोत इसमें शामिल भी नहीं थे। मई से लेकर इस महीने के पहले तीन हफ्तों तक ताइवान के आसपास कुल 1,247 चीनी जहाजों की आवाजाही दर्ज की जा चुकी है, जिसे ताइवानी अधिकारियों ने बेहद गंभीर स्थिति बताया है।

रिसर्च जहाजों से जासूसी का नया खतरा

सैन्य युद्धपोतों और लड़ाकू विमानों के अलावा चीन अब नागरिक 'रिसर्च वेसल्स' यानी शोध जहाजों का उपयोग भी एक खास रणनीति के तहत कर रहा है। अमेरिकी सैन्य विश्लेषकों के अनुसार, नागरिक शोध संस्थानों द्वारा एकत्र किया जाने वाला यह समुद्री डेटा चीन की सेना के साथ साझा किया जा सकता है। यह जानकारी भविष्य में पनडुब्बी और पनडुब्बी रोधी युद्ध के संचालन में चीन के लिए बेहद मददगार साबित होगी। शोध जहाजों का यह बढ़ता दायरा ताइवान के आसपास के समुद्री क्षेत्रों पर अपना अधिकार जमाने की चीन की एक नई और खतरनाक चाल माना जा रहा है, जिससे ताइवान पर सैन्य दबाव कई गुना बढ़ गया है।

Updated on:
29 Sept 2026 07:47 am
Published on:
29 Sept 2026 07:41 am