पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चली जंग में पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत पर बड़ा आरोप लगाया था कि पाकिस्तान के खिलाफ तालिबान, भारत का प्रॉक्सी युद्ध लड़ रहा है। अब इस आरोप पर तालिबान की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आ गई है।
पाकिस्तान (Pakistan) और अफगानिस्तान (Afghanistan) के बीच कुछ दिन तक चली जंग की वजह से दोनों देशों को ही नुकसान उठाना पड़ा। दोनों पक्षों के 100 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और काफी लोग घायल भी हुए हैं। मरने वालों और घायलों में तालिबानी लड़ाके, पाकिस्तानी सैनिक और दोनों देशों के नागरिक शामिल हैं। हालांकि अब दोनों देशों ने सीज़फायर पर सहमति जता दी है। इस जंग के दौरान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ (Khawaja Asif) ने भारत (India) पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था, "पाकिस्तान के खिलाफ तालिबान, भारत का प्रॉक्सी युद्ध लड़ रहा है। तालिबान के फैसले नई दिल्ली (भारत सरकार) द्वारा प्रायोजित हैं।" इस मामले में अब तालिबान की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आ गई है।
तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के भारत पर लगाए आरोप को खारिज कर दिया है। तालिबान के रक्षा मंत्री मोहम्मद याकूब (Mohammad Yaqoob) ने पाकिस्तान के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच हुई जंग में भारत की कोई भूमिका नहीं थी। याकूब ने यह भी कहा कि अफगानिस्तान एक स्वतंत्र देश के रूप में भारत और अन्य पड़ोसियों के साथ संबंध बनाए रखता है।
इसी बीच भारत ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अपने राजनयिक मिशन को पूर्ण दूतावास में बदलने का फैसला लिया है। 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद भारत ने काबुल में अपना दूतावास बंद कर दिया था, लेकिन मंगलवार को तुरंत प्रभाव से इस राजनयिक मिशन को फिर से पूर्ण दूतावास में बदल दिया गया है।
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अपने राजनयिक मिशन को पूर्ण दूतावास में बदलने के भारत का फैसला, दोनों देशों के संबंधों में सुधार की दिशा में बड़ा कदम है। गौरतलब है कि हाल ही में अफगान विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी (Amir Khan Muttaqi) भारत दौरे पर आए थे और इस दौरान उन्होंने भी दोनों देशों के संबंधों में मज़बूती पर जोर दिया था।