
आतंकवाद (Terrorism) दुनिया के कई देशों में फैल चुका है और समय-समय पर आतंकी हमलों के मामले भी सामने आते रहते हैं। अफ्रीकी देशों में भी आतंकवाद की वजह से स्थिति काफी खराब है और अक्सर ही आतंकी इन देशों में आतंक की घटनाओं को अंजाम देते हैं। नाइजीरिया (Nigeria) भी आतंकवाद से अछूता नहीं है। इस्लामिक आतंकी संगठन लकुरावा और इस्लामिक स्टेट के आतंकियों ने बुधवार और गुरुवार को दो अलग-अलग जगह निर्दोष लोगों पर हमला किया।
जानकारी के अनुसार लकुरावा संगठन के आतंकियों ने बुधवार को सोकोतो (Sokoto) राज्य के एक गांव पर हमला किया। आतंकियों ने गांववासियों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की, जिससे हाहाकार मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस आतंकी हमले में 17 लोगों की मौत हो गई, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने दी। वहीं गुरुवार को इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका के आतंकियों ने बोर्नो (Borno) राज्य के मालम फतोरी (Malam Fatori) शहर पर हमला किया और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के लिए एक शिविर को निशाना बनाया। आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी करते हुए 11 लोगों को मार गिराया। दोनों हमलों में कुल 28 लोग मारे गए।
इन दोनों आतंकी हमलों में 20 लोग घायल हो गए। घायलों को बॉर्डर के दूसरी तरफ नाइजर (Niger) में बोसो (Bosso) के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। कुछ लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है।
नाइजीरिया में आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी है। इस तरह के हमलों को रोकने के लिए सेना और पुलिस दोनों ही काम कर रही हैं। सेना ने आतंकियों से निपटने के लिए एक टास्क फोर्स भी बनाई हुई है।