विदेश

Texas Floods: बाढ़ ने मचाया हाहाकार..मरने वालों का आंकड़ा 80 पार, 41 लोग अभी भी लापता

Texas Floods: अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ ने हाहाकार मचा दिया है। कई काउंटी में बाढ़ की वजह से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इतना ही नहीं, कई लोग अभी भी लापता हैं।

2 min read
Jul 07, 2025
Floods in Texas
Floods in Texas (Photo - Washington Post)

दुनियाभर के कई देशों में इस समय भारी बारिश और बाढ़ की वजह से तबाही मची हुई है। अमेरिका (United States Of America) का टेक्सास (Texas) राज्य इस समय बाढ़ से जूझ रहा है। टेक्सास हिल कंट्री इस बाढ़ की वजह से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुई है। 4 से 6 जुलाई तक हुई मूसलाधार बारिश की वजह से ग्वाडालूप नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया । तेज़ बारिश के बाद तूफान से बाढ़ आ गई, जिससे स्थिति काफी खराब हो गई। इस बाढ़ की वजह से केर काउंटी, केंडल काउंटी, कोमल काउंटी, हेस काउंटी, ग्वाडालूप काउंटी, ब्लैंको काउंटी और गिलेस्पी काउंटी काफी प्रभावित हुई है। वहीं केरविल, कम्फर्ट, इनग्राम, हंट, बोर्ने, न्यू ब्रौनफेल्स और सैन मार्कोस जैसे शहरों में भी बाढ़ से हाल बेहाल है। इस बाढ़ को अमेरिका के इतिहास में अब तक की सबसे भीषण बाढ़ में से एक बताया जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने भी इस मामले पर चिंता जताई है।

मरने वालों का आंकड़ा 80 पार

टेक्सास में आई बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 80 पार हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 82 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और यह आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मरने वालों में कई बच्चे भी शामिल हैं।


41 लोग अभी भी लापता

बाढ़ की वजह से 41 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें मिस्टिक समर कैंप में हिस्सा लेने गई कई लड़कियाँ भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार मिस्टिक समर कैंप कि 10 लड़कियाँ और एक काउंसलर अभी भी लापता है। सभी लापता लोगों की तलाश जारी है।

मिस्टिक समर कैंप में मची तबाही

बाढ़ की वजह से पूरे मिस्टिक समर कैंप में तबाही मच गई, जिसमें करीब 750 लड़कियों ने हिस्सा लिया था। हालांकि बचावकर्मियों ने ज़्यादातर लड़कियों को बचा लिया है। मिस्टिक समर कैंप में शामिल लड़कियों में से अब तक सिर्फ 4 की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि 10 लड़कियों के अभी भी लापता होने से मृतक लड़कियों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका बनी हुई है।


हुआ भारी नुकसान

टेक्सास में बाढ़ की वजह से अब तक जान के साथ माल का भी भारी नुकसान हो चुका है। कई घर, इमारतें, बिज़नेस, व्हीकल्स, सड़कें, पेड़-पौधे इस बाढ़ की वजह से तबाह हो चुके हैं। अब तक बाढ़ की वजह से टेक्सास में 10-20 बिलियन डॉलर्स के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

Updated on:
07 Jul 2025 11:47 am
Published on:
07 Jul 2025 11:03 am