Israel-Lebanon Conflict: इज़रायल और लेबनान में सीज़फायर चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद इज़रायल के हमले रुक नहीं रहे हैं। इसी बीच अब इज़रायल ने साउथ लेबनान पर भीषण हमले की चेतावनी दी है, जिसके चलते हज़ारों लोग घर छोड़कर भागने के लिए मजबूर हो गए हैं।
इज़रायल (Israel) और हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच लेबनान (Lebanon) में चल रहे सीज़फायर को बढ़ा दिया गया है। अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की मध्यस्थता में यह सीज़फायर लागू हुआ था और उनकी पहल से ही इस सीज़फायर को बढ़ाया गया। हालांकि इसके बावजूद इज़रायल सीज़फायर का उल्लंघन करने से पीछे नहीं हट रहा। इसी बीच अब इज़रायल ने एक बड़ी चेतावनी दे दी है।
इज़रायल ने साउथ लेबनान में भीषण हमले की चेतावनी दी है। सीज़फायर के बीच लेबनान की सेना, हिज़बुल्लाह और इज़रायली अधिकारियों ने विस्थापित लोगों को दक्षिणी लेबनान में अपने घर लौटने से मना किया है। इज़रायल ने दक्षिणी लेबनान में अपनी सेना बनाए रखी है और लिटानी नदी तक के इलाके को ‘सुरक्षा क्षेत्र’ या ‘नो-गो ज़ोन’ घोषित किया है। सीज़फायर के बावजूद इज़रायल और हिज़बुल्लाह में तनाव की स्थिति बनी हुई है और जल्द ही इज़रायली सेना भीषण हमला कर सकती है।
इज़रायल की धमकी के चलते हज़ारों लोग साउथ लेबनान में अपने घर छोड़कर भागने के लिए मजबूर हो गए हैं। दरअसल साउथ लेबनान से विस्थापित हुए कई लाख लोगों में से कई लोग सीज़फायर की वजह से अपने घर लौट आए थे। उनमें से कई लोगों के घरों को काफी नुकसान पहुंचा था, तो कई घर तो पूरी तरह से तबाह हो गए थे। इसी बीच इज़रायल की नई धमकी के बाद ये लोग एक बार फिर पलायन करने के लिए मजबूर हो गए हैं। इन लोगों को ज़बरदस्ती साउथ लेबनान छोड़ने के लिए कहा जा रहा है। ऐसे में लोगों को जो सामान मिल रहा है, उसे लेकर वो फिर से अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।