विदेश

ईरान को ‘खत्म’ करने की ट्रंप की धमकी पर उठे सवाल, क्या यह डील के लिए दबाव बनाने का तरीका?

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संयुक्त राष्ट्र में ईरान को दी गई धमकी के बाद एक्सपर्ट्स ने कहा की उनके बयानों में विरोधाभास दिखता है। वहीं, एमनेस्टी इंटरनेशनल ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत नरसंहार की धमकी देने की बात कही है।
2 min read
Sep 23, 2026
Trump Iran threat news
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो- IANS)

Trump Iran Threat: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र (United Nations) में एक बार फिर ईरान को पूरी तरह खत्म (Annihilation) करने की धमकी दी है। करीब 9 करोड़ की आबादी वाले ईरान को लेकर ट्रंप के इस बयान ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एमनेस्टी इंटरनेशनल की महासचिव एग्नेस कैलामार्ड ने ट्रंप की इस चेतावनी पर प्रतिक्रिया दी। कैलामार्ड ने कहा कि पूरी आबादी को खत्म करने की बात अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत नरसंहार करने की धमकी के रूप में देखी जा सकती है। उनके बयान ने ट्रंप की भाषा को लेकर चल रही बहस को और गंभीर बना दिया है।

ट्रंप पहले भी दे चुके हैं ऐसी चेतावनी

डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान नया नहीं है। ट्रंप ने इससे पहले अप्रैल में सोशल मीडिया पर इसी तरह की चेतावनी दी थी। उस समय उन्होंने कहा था कि 'आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी और उसे दोबारा वापस नहीं लाया जा सकेगा।' अब एक बार फिर ईरान को लेकर उनके बयान ने चिंता बढ़ा दी है।

ट्रंप के बयानों में विरोधाभास का दावा

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अरब पर्सपेक्टिव्स इंस्टीट्यूट के जेडॉन अलकिनानी ने ट्रंप के बयानों को लेकर कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों में काफी विरोधाभास रहा है। उनके मुताबिक ट्रंप एक तरफ डील करने वाले व्यक्ति हैं, लेकिन दूसरी तरफ अगर कोई समझौता उनकी शर्तों के मुताबिक नहीं होता है, तो वह विनाशकारी युद्ध की बात करते हैं।

संयुक्त राष्ट्र में भी ईरान का जिक्र

ट्रंप ने यह धमकी संयुक्त राष्ट्र में अपने भाषण के दौरान दी थी। अपने भाषण में उन्होंने ईरान को लेकर कहा था कि उनके सामने डील करने या इस्लामिक रिपब्लिक को जल्दी से खत्म करने का बड़ा फैसला है। उनका यह बयान ऐसे समय में सामने आया जब संयुक्त राष्ट्र में अन्य देशों के नेताओं ने दुनिया भर में फैली अशांति पर चिंता जताई।

ट्रंप के भाषण पर अन्य मुद्दे भी उठे

ट्रंप के संयुक्त राष्ट्र भाषण में उनका रुख अंतरराष्ट्रीय नियमों से अलग नजर आया। वहीं, संयुक्त राष्ट्र के तत्कालीन प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने एआई और किलर रोबोट को लेकर चेतावनी दी थी। कई नेताओं ने फिलिस्तीन के भविष्य और वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों के विस्तार को लेकर भी चिंता जताई थी।

Updated on:
23 Sept 2026 03:29 pm
Published on:
23 Sept 2026 03:29 pm