
Xi Jinping: चीन में नवंबर 2024 से हिरासत में लिए गए अमेरिकी भूकंप विज्ञानी यूलिन चेन की रिहाई को लेकर उनकी पत्नी युफांग रोंग को उम्मीद जगी है। रोंग ने कहा कि व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सप्ताह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के दौरान उनके पति की रिहाई का मुद्दा उठाएंगे।
54 वर्षीय यूलिन चेन एक भूकंप वैज्ञानिक (Seismologist) हैं। वो उत्तर कोरिया के भूमिगत परमाणु परीक्षणों से निकलने वाली तरंगों का पता लगाने में माहिर हैं। चेन को 5 नवंबर 2024 को बीजिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उस समय हिरासत में लिया गया था, जब वे अपने परिवार से मिलने और लेक्चर देने के बाद अमेरिका लौटने की तैयारी कर रहे थे।
चीन ने उन पर जासूसी से जुड़े आरोप लगाए हैं, जबकि उनकी पत्नी का कहना है कि चेन का शोध पूरी तरह पारदर्शी था, जो अमेरिकी फंडिंग से संचालित था और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध डेटा व चीनी वैज्ञानिकों के सहयोग से किया गया था।
अमेरिका और चीन के बीच व्यापार और अन्य मुद्दों को लेकर काफी तनाव चल रहा है। इस बीच वाशिंगटन में ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच होने वाली बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। विदेश विभाग और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिया है कि यूलिन चेन के साथ-साथ जून में गिरफ्तार किए गए एक अन्य अमेरिकी नागरिक मिन जिन की रिहाई का मुद्दा भी शी जिनपिंग के सामने प्राथमिकता से रखा जाएगा।
युफांग रोंग का मानना है कि चीन उनके पति की तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल अपने परमाणु परीक्षणों को छिपाने के लिए करना चाहता है। इसके लिए 'डीकपलिंग' नाम की तकनीक अपनाई जाती है, जिससे जमीन के नीचे धमाका करने पर भी उसके शॉकवेव्स के असर को घटा दिया जाता है।
युफांग रोंग ने बताया कि उनके पति हाई बीपी और शुगर (डायबिटीज) जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्हें जेल में न तो सही खाना मिल रहा है और न ही इलाज की उचित सुविधा। उनसे अब तक 100 से भी ज्यादा बार पूछताछ की जा चुकी है। अमेरिकी दूतावास के अफसर महीने में सिर्फ एक बार 30 मिनट के लिए ही उनसे मिल पाते हैं। तमाम मुश्किलों के बावजूद चेन के परिवार को उम्मीद है कि दोनों देशों के नेताओं की इस बातचीत से उनके घर वापसी का रास्ता साफ हो जाएगा।