
Trump Friend Shot Dead: अमेरिका के यूटा राज्य में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US Preident Donald Trump) के करीबी और कंजर्वेटिव नेता चार्ली किर्क (Charlie Kirk) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। किर्क वैली यूनिवर्सिटी में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। तभी सरेआम उन्हें हमलावर ने गोली मार दी। गोली लगते ही किर्क मंच पर गिर गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चार्ली की हत्या के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि असली हमलावर फरार है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चार्ली किर्क अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद खास लोगों में से एक थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर उनकी मौत की पुष्टि की। यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे राजनीतिक हत्या बताया और कहा कि जिम्मेदार लोगों को हर हाल में सजा मिलेगी। उन्होंने राज्यभर में अमेरिकी और यूटा के झंडों को रविवार, 14 सितंबर तक आधा झुकाने के निर्देश दिए हैं।
ट्रंप ने आगे लिखा कि ग्रेट और सही मायने में लेजेंडरी, चार्ली किक अब इस दुनिया में नहीं रहे। चार्ली से बेहतर अमेरिकी युवाओं की सोच को और कोई भी नहीं समझ पाया, न ही किसी के पास वैसा दिल था, जैसा की चार्ली के पास था। चार्ली को हर अमेरिकी प्यार करता था। खासकर मैं। अब वह हमारे बीच नहीं रहे। मेलानिया और मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। चार्ली, वी लव यू!
31 वर्षीय किर्क डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी थे और टर्निंग पॉइंट यूएसए के संस्थापक थे। यह संगठन कॉलेज परिसरों में ट्रंप सरकार की विचारधारा को बढ़ावा देता था। किर्क ने 18 साल की उम्र में इस संगठन की स्थापना की थी और जल्द ही रिपब्लिकन पार्टी में एक उभरते सितारे बन गए थे।
चार्ली किर्क का जन्म इलिनोइस में हुआ था। उनके रेडियो शो ‘द चार्ली किर्क शो’ के लाखों श्रोता थे। उनके एक्स अकाउंट पर 5.3 मिलियन फॉलोअर्स थे। उन्होंने ‘टाइम फॉर अ टर्निंग पॉइंट’ जैसी किताबें लिखीं और युवा मतदाताओं को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभाई। किर्क ट्रंप के 2024 के चुनाव अभियान का हिस्सा थे और इजरायल के समर्थक थे।