नियाग्रा फॉल्स की सैर के बाद लौट रही टूर बस न्यूयॉर्क में खाई में गिर गई, जिसमें बिहार के शंकर कुमार झा समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बस में 54 यात्री सवार थे जिनमें कई भारतीय भी शामिल थे। घटना के कारणों की जांच जारी है, घायलों की स्थिति के बारे में अभी तक पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।
अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक टूर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में दो लोग भारतीय मूल के हैं। सभी लोग नियाग्रा फॉल देखने के बाद वापस लौट रहे थे। इस दौरान भयंकर दुर्घटना हुई।
मृतकों में बिहार के मधुबनी जिले के 65 वर्षीय शंकर कुमार झा और न्यू जर्सी के ईस्ट ब्रंसविक में रहने वाली भारतीय मूल की 60 वर्षीय पिंकी चांगरानी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि 54 लोगों को लेकर यह बस शुक्रवार दोपहर अमेरिका और कनाडा के बीच स्थित प्रसिद्ध फॉल्स की सैर के बाद न्यूयॉर्क शहर लौट रही थी, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस हाईवे से लुढ़ककर खाई में जा गिरी।
दुर्घटना स्थल नियाग्रा फॉल्स से लगभग 70 किमी और न्यूयॉर्क शहर से लगभग 600 किमी दूर था। मारे गए अन्य तीन लोग चीनी मूल के थे। बस में भारत, चीन, फिलीपींस और अमेरिका सहित कई अंतरराष्ट्रीय पर्यटक सवार थे।
घायलों का विवरण आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया है और यह भी पता नहीं चल पाया है कि बस में भारत से कितने अन्य लोग सवार थे। कुछ यात्री शनिवार को भी गंभीर या स्थिर हालत में अस्पताल में भर्ती थे, जबकि अन्य को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
दुर्घटना के तुरंत बाद, कुछ घायलों को हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस के बेड़े द्वारा क्षेत्रीय अस्पतालों में पहुंचाया गया। पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड की भागीदारी में जांच जारी है।
पुलिस ने कहा कि चालक में किसी भी प्रकार की कमजोरी के लक्षण नहीं दिखे और टूर बस में कोई टेक्निकल खराबी नहीं थी। अब जांचकर्ता इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या चालक का ध्यान भटक गया था और उसने बस पर से नियंत्रण खो दिया था।
बताया जा रहा है कि बस में एक घटना रिकॉर्डिंग उपकरण लगा था, जो कुछ हद तक विमानों में लगे ब्लैक बॉक्स की तरह काम करता है। इसमें दुर्घटना के सुराग हो सकते हैं।