विदेश

दो विमानों की भीषण टक्कर से अमेरिका में एक व्यक्ति की मौत और चार घायल

Planes Collision: अमेरिका में एक एयरपोर्ट पर दो विमानों की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति ने अपनी जान गंवा दी।

2 min read
Feb 11, 2025
Two planes collided in USA

प्लेन क्रैश (Plane Crash) और दूसरे विमान हादसों के मामले अक्सर ही देखने को मिलते हैं। कभी लापरवाही से, तो कभी तकनीकी खराबी के चलते विमान हादसे होते हैं। सोमवार को अमेरिका (United States Of America) में ऐसा ही एक हादसा हुआ। अमेरिकी राज्य एरिज़ोना (Arizona) के स्कॉट्सडेल (Scottsdale) शहर के एयरपोर्ट पर सोमवार को दो विमानों की भीषण टक्कर हो गई। दरअसल अमेरिकी हेवी मेटल बैंड मोट्ली क्रू (Mötley Crüe) के सिंगर विन्स नील (Vince Neil) का प्राइवेट जेट, रनवे से उतर गया और एयरपोर्ट पर खड़े एक अन्य विमान से टकरा गया। हालांकि विन्स का प्राइवेट जेट साइज़ में ज़्यादा बड़ा नहीं था और हादसे के वक्त मोट्ली क्रू सिंगर विमान में मौजूद भी नहीं थे।

एक व्यक्ति की मौत

दोनों विमानों की इस टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक, विन्स के प्राइवेट जेट का पायलट था। इस हादसे के वीडियो को सोशल मीडिया पर भी शेयर किया जा रहा है, जिसे नीचे देखा जा सकता है।

4 लोग घायल

इस हादसे में 4 लोग घायल हो गए हैं। इनमें विन्स के प्राइवेट जेट का को-पायलट, दो अन्य यात्री और खड़े हुए विमान में सवार एक व्यक्ति शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

किस वजह से हुआ हादसा?

इस हादसे के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार विन्स के प्राइवेट जेट के मुख्य लैंडिंग गियर में खराबी आ गई और इसी वजह से लैंडिंग के दौरान वो रनवे से उतर गया और दूसरे विमान से उसकी टक्कर हो गई।

यह भी पढ़ें- बैंक के बाहर आत्मघाती धमाका, अफगानिस्तान में 5 लोगों की मौत



Also Read
View All

अगली खबर