विदेश

Ships Collision: तुर्की में दो जहाजों की टक्कर, 10 क्रू मेंबर्स लापता

Ships Collide in Turkey: तुर्की के इस्तांबुल में आज दो जहाजों की टक्कर का मामला सामने आया है। इसके बाद से एक जहाज के 10 क्रू मेंबर्स लापता हैं।
2 min read
Sep 02, 2026
Ships collide in Turkey
तुर्की में दो जहाजों की टक्कर (Photo - ANI)

तुर्की (Turkey) में आज, बुधवार, 2 सितंबर को दो जहाजों की टक्कर हो गई। यह टक्कर तड़के सुबह इस्तांबुल (Istanbul) के सिलिवरी (Silivri) ज़िले के तट पर तुर्की के झंडे वाले दो कमर्शियल जहाजों के बीच हुई। गवर्नर ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार 'अलसु' जहाज कोकेली से आलियागा जा रहा था और वो 'तुगबेर्क इमामोग्लू' जहाज से टकरा गया, जो इस्केंडरुन बंदरगाह से कराडेनिज़ एरेगली जा रहा था। दोनों जहाजों के बीच टक्कर सिलिवरी से 18 नॉटिकल मील दक्षिण में हुई।

10 क्रू मेंबर्स लापता

इस टक्कर के बाद कोस्टल सेफ्टी के जनरल डायरेक्टरेट और कोस्ट गार्ड मारमारा और स्ट्रेट्स कमांड के जहाज़ों के साथ-साथ एक कोस्ट गार्ड हेलीकॉप्टर को सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए उस इलाके में भेजा गया। मौके पर पहुंची टीमों की शुरुआती जांच में 'अलसु' जहाज को कुछ खास नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि 'तुगबेर्क इमामोग्लू' जहाज डूब गया। बताया जा रहा है कि जहाज के डूबने की घटना तेज़ी से हुई और इसमें सिर्फ 11 मिनट का समय लगा। सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जहाज की लाइफबोट और कुछ अन्य सामान तो मिल गया, लेकिन 10 क्रू मेंबर्स लापता हैं। उनसे किसी तरह का संपर्क नहीं हो पाया है। सभी को ढूंढने की कोशिश जारी है।

तुर्की स्ट्रेट्स में टकराए जहाज

तुर्की के विदेश मंत्रालय के अनुसार दोनों जहाज तुर्की स्ट्रेट्स (Turkish Straits) में टकराए। तुर्की स्ट्रेट्स जलमार्गों का एक अनोखा सिस्टम है। इसमें इस्तांबुल और कैनाकले स्ट्रेट्स और मारमारा सागर शामिल हैं। तुर्की के विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार तुर्की स्ट्रेट्स का रणनीतिक महत्व है क्योंकि यह काला सागर (Black Sea) को भूमध्य सागर (Mediterranean Sea) से जोड़ने वाला एकमात्र जलमार्ग है। यह तुर्की के साथ-साथ काला सागर के किनारे बसे देशों के लिए भी आर्थिक और सैन्य रूप से बहुत अहम है। तुर्की स्ट्रेट्स दुनिया के सबसे व्यस्त शिपिंग रास्तों में से हैं, जहाँ हर साल भूमध्य सागर और काला सागर के बीच लाखों जहाज़ गुज़रते हैं। ऐसे में व्यवसाय के नज़रिए से इसकी अहमियत काफी ज़्यादा है। इसके साथ ही तेज़ धाराओं, तीखे मोड़ों और मौसम की स्थितियों में अचानक होने वाले बदलावों के कारण नेविगेशन सुरक्षा के लिहाज से भी यह स्ट्रेट्स दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण जलमार्गों में से एक हैं।

Updated on:
02 Sept 2026 04:59 pm
Published on:
02 Sept 2026 04:59 pm