
Russia Ukraine Conflict: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रविवार को बताया कि दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान, यूक्रेन ने रूस के रोस्तोव क्षेत्र को निशाना बनाया और वहां एक रूसी रक्षा प्रतिष्ठान पर हमला किया।
जेलेंस्की ने 'X' पर लिखा, "हमारी लंबी दूरी की मारक क्षमता ने रोस्तोव क्षेत्र को निशाना बनाया है। इसमें 'कामेंस्की कंबाइन' को निशाना बनाया गया, जो मिसाइल बनाने वाली एक रूसी रक्षा कंपनी है। इसके अलावा, एक 'पैंटसिर-S2' सिस्टम और 'S-400 ट्राइम्फ' सिस्टम के कमांड और स्टाफ वाहन को भी निशाना बनाया गया। जिन एयर डिफेंस उपकरणों को नुकसान पहुंचा है, उनकी कुल कीमत लगभग 70 मिलियन अमेरिकी डॉलर है।"
पोस्ट में आगे कहा गया,'मैं यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) और रक्षा बलों की अन्य इकाइयों के योद्धाओं को उनके सटीक हमलों के लिए धन्यवाद देता हूं! हम रूसी आक्रामकता के खिलाफ अपना बचाव कर रहे हैं और रूस की इस आक्रामकता को जारी रखने की क्षमता को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।'
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक पोस्ट में लिखा कि, सिर्फ कल रात ही, रूस ने चार क्षेत्रों - निप्रो, विनित्सिया, जाइटॉमिर और खमेलनित्सकी - में हमारे ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमला किया। इसमें उन सबस्टेशनों, ट्रांसफॉर्मरों और बिजली लाइनों को निशाना बनाया गया, जो लोगों के घरों तक बिजली पहुंचाते हैं। हर जगह मरम्मत का काम चल रहा है। फिलहाल, लाखों परिवार बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। यूक्रेन के अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर भी रूस के भीषण हमले लगातार जारी हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि, 'पिछले हफ्ते रूस ने यूक्रेन पर 1,940 अटैक ड्रोन, 1,580 से ज्यादा गाइडेड एरियल बम और 44 अलग-अलग तरह की मिसाइलें दागीं, जिनमें 36 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल हैं। इन हमलों की तीव्रता बहुत ज्यादा है, और रूस बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर की कमी का पूरा फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है।'
उन्होंने यूरोप में यूक्रेन के सहयोगियों से आग्रह किया कि वे अतिरिक्त मदद (पैकेज) की डिलीवरी में तेजी लाएं।
उन्होंने लिखा कि, 'हम हर दिन अमेरिका, यूरोप और अन्य मददगार साथियों से पैट्रियट मिसाइलों की अपनी जरूरत के बारे में बात करते हैं। इस महीने, अमेरिका और यूरोपीय देशों ने यूक्रेन के लिए अतिरिक्त मदद को लेकर नए फैसले लिए हैं। लेकिन इन चीजों की डिलीवरी में सालों का समय नहीं लगना चाहिए। रूस अभी हमारे बुनियादी ढांचे को तबाह कर रहा है और हमारे लोगों को मार रहा है। इस सर्दी में, रूस का पूरा दांव बैलिस्टिक मिसाइलों पर है। इसलिए, एयर डिफेंस से जुड़े फैसलों को भी तुरंत लागू किया जाना चाहिए। मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं जो यूक्रेन के आसमान की सुरक्षा में मदद कर रहे हैं।' अमेरिका से कीव को 500 PAC-3 इंटरसेप्टर मिलने वाले हैं।