विदेश

रूस पर रात भर ड्रोन से हमला करता रहा यूक्रेन, ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के गोदाम को उड़ाया, दो नागरिकों की मौत

russia ukraine war: यूक्रेन ने रूस पर रातभर ड्रोन हमले किए, जिसमें वाइल्डबेरीज के बड़े गोदाम को उड़ा दिया गया। एक इलाके में 2 आम नागरिकों की मौत हो गई है।
2 min read
Aug 02, 2026
Russia Ukraine War
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडीमिर जेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन। (फोटो- ANI)

यूक्रेन ने रात भर रूस ड्रोन से अटैक किया। इस घातक हमले में दो आम नागरिकों की जान चली गई है। रूस के वोल्गा नदी वाले इलाकों को यूक्रेनी ड्रोन ने अपना निशाना बनाया। इस हमले में रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी वाइल्डबेरीज का बड़ा गोदाम क्षतिग्रस्त हो गया।

क्षेत्रीय गवर्नर ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। समारा क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव फेदोरिशचेव ने बताया कि यूक्रेनी ड्रोन ने वाइल्डबेरीज के गोदाम को निशाना बनाया। यह जगह यूक्रेन की सीमा से करीब 800 किलोमीटर दूर है। गोदाम में कितने लोग हताहत हुए, इसकी जानकारी अभी जुटाई जा रही है।

'वाइल्डबेरीज' को रूस का अमेजन कहा जाता है

रूस की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी वाइल्डबेरीज को रूस का अमेजन कहा जाता है। जुलाई के मध्य से ही यूक्रेन इसके करीब दर्जन भर ठिकानों पर हमले कर रहा है। इसका मकसद रूस की आम जनता की जिंदगी और अर्थव्यवस्था को प्रभावित करना है।

वहीं, सारातोव क्षेत्र में भी ड्रोन हमला हुआ। गवर्नर रोमन बुसार्गिन ने बताया कि एंगेल्स शहर में एक आवासीय इमारत पर हमले में दो लोगों की जान चली गई। वहां सिविल सुविधाओं को भी नुकसान पहुंचा है। सारातोव शहर और एंगेल्स दोनों जगहों पर तेल रिफाइनरी और सैन्य एयरबेस हैं, जो पहले भी कई बार यूक्रेन के निशाने पर आ चुके हैं।

रूस का दावा- 635 ड्रोन गिराए

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रातभर में उसने 635 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। लेकिन फिर भी कुछ ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंच गए और नुकसान पहुंचाया।यूक्रेन अब रूस के अंदर गहरे हमले बढ़ा रहा है।

उसका लक्ष्य रूस की अर्थव्यवस्था, ऊर्जा और सैन्य सुविधाओं को कमजोर करना है, ताकि चार साल से ज्यादा चले इस युद्ध में रूस की ताकत घटे। यूक्रेन का मानना है कि रूस की पिछली लाइन वाली फैक्टरियां, गोदाम और तेल सुविधाएं युद्ध का इंजन हैं।

इन्हें निशाना बनाकर यूक्रेन रूस को आर्थिक और सैन्य रूप से दबाना चाहता है। वाइल्डबेरीज जैसे बड़े प्लेटफॉर्म को नुकसान पहुंचाने से आम रूसी नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित होती है। अभी तक यूक्रेन की तरफ से इन हमलों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Updated on:
02 Aug 2026 01:05 pm
Published on:
02 Aug 2026 01:05 pm