विदेश

अब इस देश को वेनेज़ुएला का तेल बेचेगा अमेरिका, फिर भी सरकार को नहीं होगा फायदा

अमेरिका ने क्यूबा को वेनेज़ुएला का तेल बेचने का फैसला लिया है। हालांकि इसका फायदा क्यूबा की सरकार को नहीं होगा।

2 min read
Feb 26, 2026
US approves resale of Venezuelan oil to Cuba
US approves resale of Venezuelan oil to Cuba (Representational Photo)

वेनेज़ुएला (Venezuela) पर हमले के बाद अमेरिका (United States Of America) का क्यूबा (Cuba) से भी तनाव चल रहा है, लेकिन इसी बीच अब अमेरिका ने क्यूबा को बड़ी राहत देने का फैसला लिया है। अमेरिकी ट्रेज़री विभाग ने घोषणा की है कि अमेरिका, वेनेज़ुएला के तेल को क्यूबा में फिर से बेचने के लिए तैयार है। तेल को फिर से क्यूबा में बेचने के लिए ऑफिस ऑफ फॉरेन असेट्स कंट्रोल (OFAC) ज़रूरी लाइसेंस आवेदनों पर सकारात्मक नीति अपनाएगा।

क्यूबा के लिए बड़ी राहत

अमेरिका का यह कदम क्यूबा के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। दरअसल क्यूबा में पिछले कुछ हफ्तों में फ्यूल का संकट काफी बढ़ गया है। पिछले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के दबाव में आकर मैक्सिको (Mexico) ने क्यूबा को तेल की सप्लाई करना बंद कर दिया था, लेकिन अब अमेरिका के इस फैसले से क्यूबा को राहत मिलना तय है।

जनता और प्राइवेट सेक्टर के लिए ही यह सुविधा

अमेरिकी ट्रेज़री विभाग ने स्पष्ट किया कि यह सुविधा सिर्फ क्यूबा की जनता और प्राइवेट सेक्टर के लिए ही है। तेल खरीद के लाइसेंस सिर्फ उन लेन-देन के लिए दिए जाएंगे जो क्यूबा के प्राइवेट सेक्टर, वाणिज्यिक उपयोग और मानवीय प्रयोजनों को समर्थन देते हैं।

सरकार को नहीं मिलेगा फायदा

अमेरिका की इस सुविधा का फायदा क्यूबा की सरकार को नहीं मिलेगा। साथ ही सेना, खुफिया सेवाओं या सरकारी संस्थाओं को लाभ पहुंचाने वाले किसी भी लेन-देन के लिए वेनेज़ुएला के तेल की खरीद के लाइसेंस जारी नहीं किए जाएंगे।

लाइसेंस की शर्तें

तेल के लेन-देन के लिए लाइसेंस पाने के लिए कुछ शर्तें हैं। इसके लिए अमेरिकी इकाई होना ज़रूरी नहीं है। जनवरी 2026 में जारी वेनेजुएला जनरल लाइसेंस 46A की कुछ सीमाएं (जैसे क्यूबा से जुड़े प्रतिबंध) यहाँ लागू नहीं होंगी। हालांकि लेन-देन वेनेज़ुएला से संबंधित सामान्य शर्तों के अनुरूप होने चाहिए, जिसमें बिक्री राजस्व को अमेरिका नियंत्रित खाते में जमा करना शामिल है। यह क्यूबा के निजी व्यवसायों, जैसे निजी एयरलाइंस और अन्य कंपनियों को ईंधन उपलब्ध कराने में सहायक होगा।

Updated on:
26 Feb 2026 10:27 am
Published on:
26 Feb 2026 10:26 am