Israel on Iran Supreme Leader: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर इजरायल और अमेरिका की कार्रवाई जारी, IDF ने बसीज कमांडर को मार गिराने और मिसाइल हमलों को रोकने की रणनीति पर बयान दिया। नेतन्याहू ने अपनी मौत की अफवाहों पर किया मजाक।
Israel on Mojtaba Khamenei: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की जान भले ही अमेरिका-इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में बच गई है, लेकिन दोनों देशों द्वारा उन्हें तलाशने की कोशिशे जारी हैं। अब मोजतबा खामेनेई को लेकर इजरायल सेना के प्रवक्ता एफी डेफ्रिन (Effie Defrin) का बड़ा अहम बयान सामने आया है। एफी डेफ्रिन ने कहा कि इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) उन सभी लोगों को निशाना बनाना जारी रखेगा जो 'इजरायल राज्य के लिए खतरा' हैं, जिसमें ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई भी शामिल हैं।
जब डेफ्रिन से ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के ठिकाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि IDF यानी इजरायली डिफेंस फोर्स के पास इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। डेफ्रिन ने यह भी कहा कि इजरायल ईरान की पैरामिलिट्री बसीज (Basij) बलों के सदस्यों को निशाना बनाना जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि मैं यहां फिर कहता हूं, हम हर किसी तक पहुंचेंगे, चाहे वह कहीं भी हो या कभी भी हो। IDF ने पहले कहा था कि उसने बसीज कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी को मार गिराया है। इसी बीच, इजरायल ने कहा कि वह ईरान से दागी गई नई मिसाइलों की बौछार को रोकने (इंटरसेप्ट करने) के लिए काम कर रहा है।
यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब इजरायल ने दावा किया कि उसने हवाई हमलों में ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी को मार गिराया है। लारीजानी दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के करीबी थे। वे सुरक्षा नीतियों के क्रियान्वयन में प्रमुख भूमिका निभाते थे। जंग के बीच लारीजानी की मौत ईरान के लिए किसी झटके से कम नहीं है।
अपनी मौत की अफवाहों पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मजाक उड़ाया है। वे इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी के साथ एक नए वीडियो में दिखाई दिए। अमेरिकी राजदूत हंसते हुए कहते हैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चाहते थे कि मैं यह सुनिश्चित करूं कि आप ठीक है। इस पर बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा हां, माइक मैं जिंदा हूं।
आपको बता दें 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर है। एक तरफ जहां अमेरिका और इजरायल के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे, वहीं ईरान पलटवार को कोई भी मौका नहीं चूक रहा है। मध्य-पूर्व में जंग के चलते विश्व के कई देशों को ऊर्जा संकट का सामना करना पड़ रहा है।