विदेश

कैरेबियन सागर में ड्रग तस्करी वाली नाव पर अमेरिकी हमला, साउथकॉम ने 4 लोगों के मारे जाने का किया दावा

US सदर्न कमांड ने दावा किया है कि उसने कैरिबियन सागर में ड्रग तस्करी के संदिग्ध रास्ते पर जा रही एक स्पीडबोट पर मिलिट्री स्ट्राइक की है। US कमांड के मुताबिक, खुफिया जानकारी से इस बात की पुष्टि हुई थी कि यह नाव ड्रग तस्करी में शामिल थी और इस हमले में चार संदिग्ध नार्को टेररिस्ट मारे गए।
2 min read
• •
Oct 05, 2026
Southern Command US strike Caribbean Sea
कैरेबियन सागर में नाव पर अमेरिकी हमला (फोटो- वीडियोग्रैब X/SOUTHCOM)

US Strike Caribbean: अमेरिकी सेना ने एक बार फिर पूर्वी प्रशांत और कैरिबियन सागर में काम कर रहे नार्को टेररिस्ट नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यूनाइटेड स्टेट्स सदर्न कमांड (US SOUTHCOM) ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर (JTF-WHEM) ने कैरिबियन में तस्करी के एक चिन्हित रूट से जा रही एक तेज रफ्तार नाव को सटीक काइनेटिक स्ट्राइक से नष्ट कर दिया। इस सैन्य ऑपरेशन में चार नार्को टेररिस्ट के मारे जाने का दावा किया गया है।

कैरिबियन में नाव को निशाना बनाया गया

US सदर्न कमांड द्वारा सोशल मीडिया एक्स पर जारी बयान के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि कैरिबियन सागर में ड्रग तस्करी के एक जाने माने रास्ते से एक तेज रफ्तार 'गो-फास्ट' बोट गुजर रही है। जिनका इस्तेमाल अक्सर समुद्री रास्तों से गैरकानूनी ड्रग्स की तस्करी के लिए किया जाता है।

खुफिया जानकारी के आधार पर सटीक काइनेटिक स्ट्राइक

SOUTHCOM ने कहा कि अमेरिकी खुफिआ निगरानी से पुष्टि हुई कि नाव गैरकानूनी ड्रग तस्करी में शामिल थी। इस पुष्टि के तुरंत बाद टास्क फोर्स ने नाव पर एक घातक हमला किया, जिससे उस नाव पर सवार चार तस्कर मौके पर ही मारे गए। अमेरिकी बयान में इस ऑपरेशन को घातक काइनेटिक स्ट्राइक और मारे गए लोगों को नार्को-टेररिस्ट बताया गया है।

स्ट्राइक का फूटेज भी किया जारी

SOUTHCOM ने ऑपरेशन का फुटेज भी जारी किया, जिसमें नाव को पानी में चलते हुए और हमले के बाद जलते हुए दिखाया गया है। हालांकि, कमांड ने उस खुफिया जानकारी के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी जिसके आधार पर नाव के ड्रग तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया गया था।

अमेरिकी टास्क फोर्स के निशाने पर नार्को टेररिस्ट नेटवर्क

सैन्य अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई समुद्री सीमाओं पर काम कर रहे ड्रग कार्टेल और अंतरराष्ट्रीय आतंकी फंडिंग नेटवर्क को खत्म करने के लिए जॉइंट टास्क फोर्स-वेस्टर्न हेमिस्फियर द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशनों का हिस्सा है। इन ऑपरेशनों का मकसद समुद्री रास्तों से अमेरिका और अन्य बाजारों तक पहुंचने वाले गैरकानूनी ड्रग्स की तस्करी को रोकना है। हालांकि हाल के हफ्तों में इस इलाके में अमेरिकी ऑपरेशनों में थोड़ी कमी आई थी, लेकिन इस ताजा स्ट्राइक से यह साफ हो गया है कि अमेरिकी नौसेना और कोस्ट गार्ड अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में तस्करों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

Updated on:
05 Oct 2026 08:46 am
Published on:
05 Oct 2026 08:46 am