
Illegal Immigration New Act in USA: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद जो सबसे बड़ी गाज गिरी है वो वहां रह रहे अवैध प्रवासियों पर गिरी है। अब अवैध प्रवासन पर अमेरिका में नया कानून आ गया है। जी हां, बुधवार को ही (स्थानीय समय) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने साइन कर ‘लेकेन रिले एक्ट’ को कानूनी तौर पर अस्तित्व में ला दिया है। ये एक्ट अमेरिकी सरकार को अवैध प्रवासियों हिरासत में लेने और वापस उनके देश भेजने (Deportation) समेत कई अधिकार देता है। अब इस कानून के लागू होने के बाद अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई तेज हो जाएंगी। इस नए कानून में क्या-क्या प्रावधान किए गए हैं, ये हम आपको बता रहे हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जिस नए लेकेन रिले एक्ट (Laken Riley Act) को कानूनी मान्यता दी है उस एक्ट में अवैध प्रवासियों के पकड़े जाने, उन्हें गिरफ्तार करने और उन्हें उनके देश वापस भेजे जाने का प्रावधान है। जिन अप्रवासियों पर किसी आपराधिक घटना की पुष्टि होती है या वे किसी गंभीर अपराध के दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाला जा सकता है। वहीं आरोपमुक्त प्रवासियों को उनके देश वापस भेजा जाएगा।
इस एक्ट को जॉर्जिया के रिपब्लिकन प्रतिनिधि (डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी) माइक कोलिन्स ने लिखा है। इस कानून के तहत US इमिग्रेशन और कस्टम्स इंफोर्समेंट को अमेरिका में अवैध अप्रवासियों को हिरासत में लेने का अधिकार मिलेगा। इस कानून के तहत किसी आरोपी शख्स पर कोर्ट में अपराध साबित करने की जरूरत नहीं होगी। सिर्फ अपराध के आधार पर उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है और निर्वासित किया जा सकता है।
बता दें कि इस नए कानून का नाम जॉर्जिया नर्सिंग के एक 22 साल की छात्रा रिले के नाम पर रखा गया है। इस छात्र की बीते साल अमेरिका के वेनेजुएला में रह रहे अवैध प्रवासी ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। रिले की हत्या फरवरी 2024 में हुई थी, जब वो मॉर्निंग वॉक के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान अवैध प्रवासी जोस एंटोनियो इबारा ने उसकी हत्या कर दी थी। जिसके बाद इबारा को आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई गई थी।
रिले के माता-पिता और बहन की मौजूदगी में ट्रंप ने कहा कि ये नया कानून अमेरिका की बेटी के लिए एक श्रद्धांजलि है। ट्रंप ने अवैध आव्रजन पर नकेल कसने और निर्वासन में बढ़ोतरी का वादा किया है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा है कि कुछ अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस भेजे जाने पर उन पर वहां रहने के लिए भरोसा नहीं किया जा सकता।
अमेरिका में रह रहे अवैध प्रवासियों को अमेरिका की सबसे खतरनाक जेल में डाला जाएगा। ट्रंप ने कहा कि अवैध तरीके से रह रहे अमेरिका में पकड़े जाने वाले अपराधों में लिप्त लोगों को ग्वांतानामो जेल में रखा जाएगा। ये जेल अमेरिका की सबसे खतरनाक जेल मानी जाती है।