विदेश

युद्ध रोकने के लिए सीज़फायर प्रस्ताव के समर्थन में पुतिन, लेकिन रखी ये शर्तें..

Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध में सीज़फायर लागू करने के अमेरिकी प्रस्ताव को यूक्रेन से ग्रीन सिग्नल मिल चुका है। अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इसके समर्थन में आ गए हैं, लेकिन इसके लिए उन्होंने कुछ शर्तें रख दी हैं।
2 min read
Mar 14, 2025
Feature image

रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को रोकने के लिए अमेरिका (United States Of America) और यूक्रेन (Ukraine) के अधिकारियों ने सऊदी अरब (Saudi Arabia) के जेद्दा (Jeddah) में मीटिंग की। अमेरिका ने इसके लिए 30 दिन के सीज़फायर का प्रस्ताव पेश किया, जिस पर यूक्रेन ने भी अपनी सहमति दी। इसके बाद अमेरिका ने यूक्रेन को सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी देने पर लगी रोक हटा दी है। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) को चेतावनी भी दी है कि अगर पुतिन ने सीज़फायर प्रस्ताव पर सहमति नहीं जताई, तो इसके बुरे परिणाम भुगतने पड़ेंगे। ट्रंप ने साफ कर दिया कि ऐसी स्थिति में रूस पर बड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। अब पुतिन ने भी सीज़फायर प्रस्ताव पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

सीज़फायर प्रस्ताव के समर्थन में पुतिन

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि वह 30 दिन के सीज़फायर प्रस्ताव के समर्थन में हैं। पुतिन ने कहा कि युद्ध को रोकने के लिए सीज़फायर एक अहम पहल साबित हो सकती है।

रखी कुछ शर्तें

पुतिन ने 30 दिन के सीज़फायर प्रस्ताव को समर्थन तो दे दिया है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कुछ शर्तें भी रख दी हैं। रूसी राष्ट्रपति ने कहा है कि सीज़फायर, युद्ध में लंबे समय के लिए शांति का रास्ता बनना चाहिए। पुतिन ने यह भी कहा कि वह सीज़फायर के अगले चरणों के बारे में अपनी सेना के कुर्स्क अभियान की सफलता के अनुसार करेंगे। पुतिन ने यह भी कहा कि वह यह जानना चाहेंगे कि सीज़फायर लागू कैसे होगा और इसके लिए उन्होंने ट्रंप से बातचीत को ज़रूरी बताया।