USA: महिला ने जिस बिल्ली की हत्या की है वो उसकी ही पालतू बिल्ली थी। इस महिला ने अपने पैरों से जिंदा बिल्ली को दबाए रखा जिससे उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
USA: अमेरिका से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी पालतू बिल्ली की पहले बेरहमी से हत्या कर दी और फिर उसे कच्चा ही खा गई। दिल दहला देने वाला ये मंजर महिला के घर के पड़ोसियों ने अपनी आंखों से देखा। महिला के हाथ और मुंह दोनों खून से सने हुए थे। पड़ोसियों ने इस मंजर को देखते ही इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। अब इस महिला को कोर्ट ने सजा सुनाई है जिसके मुताबिक उसे एक साल जेल में रहना होगा।
ये मामला अमेरिका के ओहियो प्रांत का है। बीते अगस्त महीने की 16 तारीख में ये घटना तब घटित हुई जब ओहियो के स्प्रिंगफील्ड में हैती के अप्रवासियों पर आरोप लग रहा था कि वे स्थानीय पालतू जानवरों को मारकर खा रहे हैं। हालांकि जांच में पता चला है कि आरोपी महिला अप्रवासी नहीं है। इस महिला का नाम एलेक्सिस फेरेल (27) है। बिल्ली को मारकर खाने की घटना बॉडीकैम फुटेज (पुलिस कर्मी अपने शरीर के किसी एक हिस्से पर कैमरा लगाते हैं, इसमें लेंस और माइक्रोफोन लगे होते हैं) भी रिकॉर्ड की गई है जिसे कोर्ट को दिखाई गई थी। जिसे देखने के बाद न्यायाधीश भी काफी विचलित हो गए।
ये मामले की सुनवाई करते हुए जज ने आरोपी महिला को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि "ये मेरे लिए घृणित है। कोई इंसान किसी जानवर के साथ ऐसा कैसे कर सकता है, एक जानवर एक बच्चे की तरह होता है लेकिन मुझे नहीं पता कि आप लोग क्या समझते हैं। ये घटना सुनकर और ये वीडियो देखकर मैं निराशा और सदमे में हूं और मुझे घृणा हो रही है जिसे मैं जता भी नहीं सकता।”
जज ने आरोपी महिला से कहा कि वो समुदाय के लिए एक खतरा है। इस महिला ने पूरे राष्ट्र को शर्मिंदा किया है। बता दें कि इस बॉडीकैम फुटेज में दिखाया गया है कि ये महिला अपने घर के बारर पैरों के नीचे दबी बिल्ली को खा रही है, उसके हाथ और मुंह खून से सने हुए हैं। आस-पड़ोस के लोग ये भयानक नजारा देख रहे हैं। इस वीडियो में एक पुलिसकर्मी महिला से पूछता दिखाई दे रहा है कि "तुमने क्या किया? तुमने बिल्ली को क्यों मारा?" पुलिस ने इस घटना के बारे में कोर्ट को बताया कि आरोपी महिला ने बिल्ली के सिर पर पैर रखकर उसे मार दिया फिर उसे खाने लगी। पुलिस ने जब उसे पकड़ा तब उसके हाथ और मुंह में खून लगा हुआ था।